UP Politics: शिवपाल बोले- महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार पर बात नहीं करती भाजपा, 2027 में बनेगी सपा सरकार
Azamgarh News: सपा नेता शिवपाल सिंह यादव ने भाजपा पर सियासी तंज किया। उन्होंने कहा कि अगर यह पार्टी बिजली दे रही है तो आए दिन जनता प्रदर्शन क्यों कर रही है? 2027 के चुनाव में सपा ही जीतेगी।
विस्तार
UP Politics News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व मंत्री शिवपाल सिंह यादव शुक्रवार की शाम एक निजी कार्यक्रम के दौरान जनपद पहुंचे। इस दौरान एक होटल में मीडिया से वार्ता करते हुए उन्होंने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला।
उन्होंने दावा किया कि 2027 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने जा रही है। शिवपाल यादव ने कहा कि आजमगढ़ उनके लिए नया नहीं है, यह उनका घर है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की सरकार ने देश को पीछे धकेल दिया है और जनता को सौहार्दपूर्ण वातावरण में जीने नहीं दिया जा रहा है।
भाजपा के लोग महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसे ज्वलंत मुद्दों पर बात नहीं करते, बल्कि हिंदू-मुस्लिम, मंदिर-मस्जिद जैसे विषयों पर जनता को भटकाते हैं। शिवपाल यादव ने प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था और कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में मरीजों को ऑक्सीजन तक नहीं मिल रही। कानपुर में राज्य मंत्री को धरने पर बैठना पड़ा, यह सरकार की नाकामी को दर्शाता है।
किया राजनीतिक तंज
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा चाचा-भतीजे पर लगाए जाने वाले आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए शिवपाल यादव ने कहा कि हमारी सरकार में पुलिस भर्तियां पूरी तरह निष्पक्ष थीं। आज भाजपा के शासन में हो रही भर्तियों में जमकर भ्रष्टाचार हो रहा है।
एक्सप्रेसवे निर्माण और बिजली व्यवस्था पर भी उठाए सवाल पर उन्होंने कहा कि यह सड़क ब्रिज कॉरपोरेशन को बनानी थी, लेकिन इसे निजी ठेकेदार को दे दिया गया। वहीं, बिजली आपूर्ति पर उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने 9 साल के शासन में एक भी नई यूनिट नहीं लगाई है, जिसके कारण आज तीन घंटे से अधिक बिजली आपूर्ति नहीं हो पा रही है।