मेरठ में आज दिग्गज नेताओं की बैठक, एनएच-58 पर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित; पुलिस तैनात
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए मेरठ में एनएच-58 पर भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित किया गया है। प्रमुख प्वाइंटों पर पुलिस तैनात रहेगी।
विस्तार
मेरठ में आज भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के मद्देनजर यातायात पुलिस ने एनएच-58 पर भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित कर दिया है। यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है। पुलिस अधीक्षक यातायात राजेश श्रीवास्तव ने वाहन चालकों से एनएच-58 का प्रयोग न करने की अपील की है।
इन मार्गों पर भी भारी वाहनों की नो एंट्री
यातायात पुलिस के अनुसार मोदीपुरम फ्लाईओवर, कंकरखेड़ा फ्लाईओवर, रोहटा रोड फ्लाईओवर और बागपत रोड फ्लाईओवर पर भी भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा।
यह भी पढ़ें: सियासत: मेरठ में नितिन नवीन और योगी आदित्यनाथ; संगठन की जमीनी तैयारियों की करेंगे समीक्षा
दिल्ली-गाजियाबाद से आने वाले वाहन भी वैकल्पिक मार्ग अपनाएं
दिल्ली और गाजियाबाद की ओर से आने वाले वाहन चालकों को भी एनएच-58 से बचने और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।
प्रमुख प्वाइंटों पर पुलिस तैनात
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए सभी प्रमुख प्वाइंटों पर यातायात पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। पुलिसकर्मी वाहनों की आवाजाही पर नजर रखेंगे और यातायात व्यवस्था बनाए रखने का काम करेंगे।
आज शहीदों को श्रद्धांजलि और युवा सम्मेलन
आज नितिन नवीन विभिन्न संगठनात्मक बैठकों में शामिल होंगे। वे पार्टी नेताओं, शक्ति केंद्र और जमीनी कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी दौरे में मौजूद रहेंगे।
दौरे के पहले दिन नितिन नवीन मेरठ में शहीदों को श्रद्धांजलि देंगे। इसके बाद सुभारती विश्वविद्यालय में युवा सम्मेलन और शक्ति केंद्र सम्मेलन को संबोधित करेंगे। वे विश्वविद्यालय पहुंचकर नेशनल आर्मी शहीद स्मारक पर वृक्षारोपण भी करेंगे। इसके बाद मांगल्य ऑडिटोरियम में युवा संवाद कार्यक्रम में युवाओं से संवाद करेंगे।
योगी के साथ पूर्व पदाधिकारियों, सांसदों और विधायकों से बैठक
सुभारती विश्वविद्यालय में नितिन नवीन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पश्चिमी यूपी के पूर्व पदाधिकारियों, सांसदों और विधायकों के साथ बैठक करेंगे। इसमें चुनावी तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। संगठन के सामने कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने की चुनौती और क्षेत्रवार प्रतिपुष्टि को शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचाने जैसे विषय भी दौरे के लिहाज से महत्वपूर्ण बताए गए हैं।
औघड़नाथ मंदिर जाएंगे, मेरठ में रात्रि प्रवास
नितिन नवीन मेरठ में औघड़नाथ मंदिर के दर्शन भी करेंगे। 21 सितंबर को वे मेरठ में रात्रि प्रवास करेंगे।