UP Accident: बलिया में हादसे...तीन लोगों की मौत, एक की हालत गंभीर; ट्रेन से कटकर गई युवक की जान
Ballia News: जिले के सहतवार, गड़वार और सुखपुरा थाना क्षेत्र में हुए हादसों के दाैरान तीन लोगों ने अपनी जान गंवा दी। वहीं एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल भेजने के साथ ही शव को कब्जे में ले लिया है।
विस्तार
UP Accident: बलिया के सहतवार थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 14 रेवती-सहतवार मार्ग पर बृहस्पतिवार को एक बाइक ट्रक की चपेट में आ गई। बाइक सवार हरमेंद चौहान (26) और उसके चाचा सतेंद्र चौहान गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान हरमेंद चौहान की मौत हो गई।
कस्बा चौकी प्रभारी सुनील सिंह ने बताया कि गायघाट लाल टोला निवासी सत्येंद्र चौहान अपने भतीजे हरमेंद चौहान के साथ बाइक से रेवती की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान ट्रक को ओवरटेक करने के दौरान ट्रक की चपेट में आने से हरमेन्द चौहान और चाचा सतेंद्र चौहान गंभीर रूप से घायल हो गए। थाना प्रभारी अनिल सिंह ने कहा कि सड़क दुर्घटना की सूचना पर कस्बा चौकी प्रभारी सुनील सिंह मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। चालक की तलाश की जा रही है।
ट्रेन से कटकर युवक की मौत
गड़वार थाना क्षेत्र के जिगनी रेलवे क्रॉसिंग के पश्चिमी फाटक के पास बृहस्पतिवार सुबह आलोक ठाकुर (26) की पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। आसपास के लोगों ने सूचना जीआरपी को दी। जीआरपी के साथ गड़वार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आलोक ठाकुर गड़वार थाना क्षेत्र के सवरूपुर के निवासी थे। थानाध्याक्ष गड़वार हितेश कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक ट्रेन की चपेट में कैसे आया।
वन विहार पोखरा में डूबने से वनकर्मी की मौत
बलिया के सुखपुरा थाना क्षेत्र स्थित वन विहार के पोखरे में डूबने से सामाजिक वानिकी विभाग के एक कर्मचारी की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत की खबर पर परिवार में करुण क्रंदन व चीत्कार मच गया।
सामाजिक वानिकी विभाग में क्षेत्र सहायक के पद पर कार्यरत लालजी राम (40) गड़वार थाना क्षेत्र के सवन के निवासी थे। लालजी बुधवार को जीराबस्ती स्थित वन विहार परिसर में नहाने गए थे, तभी गहरे पानी में चले जाने से डूब गए। वहां, मौजूद अन्य विभागीय कर्मचारियों ने उन्हें तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।