{"_id":"69c052621b890f0ef3004ea2","slug":"four-people-including-a-dholak-player-died-in-accidents-barabanki-news-c-315-1-brb1001-162156-2026-03-23","type":"story","status":"publish","title_hn":"Barabanki News: हादसों में ढोलक वादक समेत चार की मौत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Barabanki News: हादसों में ढोलक वादक समेत चार की मौत
संवाद न्यूज एजेंसी, बाराबंकी
Updated Mon, 23 Mar 2026 02:04 AM IST
विज्ञापन
विज्ञापन
Trending Videos
बाराबंकी/कुर्सी। जिले में हुए अलग-अलग चार सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई। दो लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। हादसों में मृतकों की पहचान देवा कोतवाली क्षेत्र के गौरिया गांव निवासी पप्पू, पीलीभीत जिले के शिवचरन, लखनऊ के आलमनगर निवासी आरएन श्रीवास्तव और सिरौली गौसपुर गांव निवासी लल्लू गौतम के रूप में हुई।
पहली घटना कुर्सी-इटौंजा मार्ग पर मदारपुर पुलिया के निकट हुई। देवा कोतवाली क्षेत्र के गौरिया गांव निवासी पप्पू (50) ढोलक बजाने का काम करते थे। शनिवार को अपने साथी लल्लू राम के साथ घुंघटेर थाना क्षेत्र के बजगहनी में एक कार्यक्रम में ढोलक बजाने गए थे। पुलिस के अनुसार शाम को कार्यक्रम समाप्त होने के बाद बाइक से साथी के साथ घर लौट रहे थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
इस दौरान कुर्सी-इटौंजा मार्ग पर मदारपुर पुलिया के निकट एक तेज रफ्तार पिकअप की जोरदार टक्कर बाइक में लग गई। हादसे में सिर में गंभीर चोट आने पर बाइक चला रहे पप्पू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर पीछे बैठे लल्लू राम गंभीर रूप से घायल हो गए। एसएचओ कुर्सी कृष्णकांत सिंह ने बताया कि मृतक के पुत्र की तहरीर पर पिकअप चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। वहीं, शुक्रवार शाम पीलीभीत जिले के जोगराजपुर गांव निवासी श्रमिक शिवचरन को हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के बाद जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। शहर कोतवाल सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि साथी श्रमिक की तहरीर पर कार चालक पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।
आधार कार्ड से हुई पहचान
हैदरगढ़। लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार लखनऊ युवक की मौत हो गई। हादसा रविवार रात करीब सवा 10 बजे स्थानीय कोतवाली क्षेत्र में पंचवटी ढाबे के पास हुआ। मृतक की पहचान लखनऊ के राजाजीपुरम क्षेत्र में आलमनगर निवासी आरएन श्रीवास्तव (26) के रूप में हुई। प्रभारी निरीक्षक अभिमन्यु मल्ल ने बताया कि घटना स्थल से पीआरवी ने युवक को सीएचसी हैदरगढ़ पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित किया है। जेब में मिले आधार कार्ड से पहचान हुई है। मृतक परिजनों को सूचना दी है। संवाद
वाहन की टक्कर एक की मौत, साथी घायल
सिरौलीगौसपुर। सिरौली गौसपुर गांव निवासी लल्लू गौतम (50) सफदरगंज कोतवाली के केवलापुर निवासी अपने रिश्तेदार ललित कुमार के साथ रविवार की शाम को तहसील मुख्यालय से गांव लौट रहे थे। उधौली मार्ग पर ब्लॉक मुख्यालय के समीप अज्ञात वाहन ने पीछे से उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर से दोनों बाइक समेत पेड़ से टकराते हुए खेत में जा गिरे। लोगों ने एंबुलेंस को कई बार कॉल किया लेकिन एक घंटे तक एंबुलेंस नहीं पहुंची। पुलिस ने दोनों को बाइक से सिरौली गौसपुर के संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया, जहां पर चिकित्सक ने लल्लू गौतम को मृत घोषित कर दिया। ललित को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। कोतवाली प्रभारी अजीत विद्यार्थी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा गया है। संवाद