UP: बाराबंकी में गोली मारने के बाद कार चढ़ाकर हत्या, सड़क जाम; शव पहुंचते ही मची चीख-पुकार, पीएसी तैनात
बाराबंकी में जमीन विवाद को लेकर एक किसान की गोली मारने के बाद कार चढ़ाकर हत्या कर दी गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस और पीएसी तैनात की गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बाराबंकी में कोठी थाना क्षेत्र के रेवतीपुरवा गांव में मंगलवार देर शाम जमीन विवाद में किसान हंसराज वर्मा (45) की गोली मारने के बाद कार चढ़ाकर हत्या कर दी गई। मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी मनोज यादव समेत पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
बुधवार दोपहर घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने जैदपुर-सिद्धौर मार्ग पर जाम लगा दिया। करीब आधे घंटे तक मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की। शाम करीब छह बजे जब हंसराज का शव गांव पहुंचा तो परिजनों में चीख-पुकार मच गई। माहौल गमगीन हो गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। घटना को लेकर गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है।
सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई
तनाव को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। गांव में पांच थानों की पुलिस के साथ एक बटालियन पीएसी तैनात की गई है। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की है। पुलिस के अनुसार, जमीन विवाद में हुई इस वारदात की जांच की जा रही है। नामजद आरोपियों में मुख्य आरोपी मनोज यादव समेत पांच लोग शामिल हैं। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अन्य आरोपियों की भूमिका और घटना के कारणों की जांच कर रही है। गांव में स्थिति पर नजर रखी जा रही है।