बरेली: संदिग्ध हालात में ग्राम प्रशासक की मौत, घर में फंदे से लटका मिला शव, पुलिस जांच में जुटी
मीरगंज थाना क्षेत्र के गांव पहुंचा बुजुर्ग के ग्राम प्रशासक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उनका शव बुधवार सुबह घर में ही फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
विस्तार
बरेली के मीरगंज थाना क्षेत्र के गांव पहुंचा बुजुर्ग में बुधवार सुबह ग्राम प्रशासक राजेंद्र पाल का शव फंदे से लटका मिला। शव देख परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रथमदृष्टया आत्महत्या की आशंका जताई गई है।
जानकारी के अनुसार, गांव पहुंचा बुजुर्ग के ग्राम प्रधान राजेंद्र पाल मंगलवार रात अपने घर में सोए थे। बुधवार सुबह जब परिजनों ने उनका शव फंदे पर लटका देखा तो घर में चीख-पुकार मच गई। परिवार के लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। कुछ ही देर में मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलने पर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने घटना के संबंध में परिजनों से जानकारी जुटाई। हालांकि, ग्राम प्रशासक ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसकी पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है।
सीओ बोले, मामले की जांच जारी
सीओ मीरगंज अजय कुमार ने बताया कि गांव पहुंचा बुजुर्ग के ग्राम प्रधान राजेंद्र पाल का शव फंदे पर लटका मिला है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।