{"_id":"69d1001af07c84d73f054c17","slug":"cyber-scammers-active-ahead-of-up-board-results-be-alert-2026-04-04","type":"story","status":"publish","title_hn":"UP Board Exam: रिजल्ट से पहले साइबर ठग सक्रिय, नंबर बढ़ाने के नाम पर मांग रहे रुपये, रहें सावधान","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
UP Board Exam: रिजल्ट से पहले साइबर ठग सक्रिय, नंबर बढ़ाने के नाम पर मांग रहे रुपये, रहें सावधान
संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
Published by: Mukesh Kumar
Updated Sat, 04 Apr 2026 05:44 PM IST
विज्ञापन
सार
यूपी बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट आने से पहले साइबर ठग सक्रिय हो गए हैं। साइबर ठग विद्यार्थियों और अभिभावकों के पास फोन कॉल कर उन्हें नंबर बढ़ाने का झांसा दे रहे हैं। इसकी जानकारी मिलने पर माध्यमिक शिक्षा परिषद ने विद्यार्थियों और अभिभावकों से सावधान रहने की अपील की है।
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : FREEPIK
विज्ञापन
विस्तार
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा का मूल्यांकन कार्य पूरा हो गया है। अब विद्यार्थियों को रिजल्ट का इंतजार है। इस बीच साइबर ठग भी सक्रिय हो गए हैं। ये ठग छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों को फोन कॉल कर नंबर बढ़वाने का झांसा दे रहे हैं।
Trending Videos
बरेली में कार्यालय क्षेत्रीय सचिव, माध्यमिक शिक्षा परिषद बरेली की ओर से सार्वजनिक सूचना जारी कर लोगों को आगाह किया गया है। बताया गया कि विभाग को जानकारी मिली है कि साइबर ठग परीक्षार्थियों को फोन कॉल कर उनके अंकों का विवरण दे रहे हैं और नंबर बढ़वाने का लालच देकर रुपये मांग रहे हैं। साइबर अपराधी खुद को परिषद का कर्मचारी बताकर कॉल कर रहे हैं। ऐसे ठगों से विद्यार्थी और उनके अभिभावक सावधान रहें। किसी के झांसे में न आएं।
विज्ञापन
विज्ञापन
पुलिस कर रही जांच
क्षेत्रीय सचिव मुन्ने अली ने स्पष्ट किया है कि परिषद कभी भी किसी परीक्षार्थी से व्यक्तिगत रूप से संपर्क नहीं करता है। उत्तर प्रदेश पुलिस के सहयोग से ऐसे अपराधियों की पहचान की जा रही है और उनके विरुद्ध आईटी एक्ट व भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं के तहत कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
साइबर हेल्पलाइन नंबर पर करें शिकायत
विभाग ने अभिभावकों और परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे ऐसे किसी भी फोन कॉल, मैसेज या ई-मेल का संज्ञान न लें। साथ ही, अपनी व्यक्तिगत जानकारी, रोल नंबर या बैंक विवरण किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। यदि किसी को भी इस तरह का कॉल आता है, तो वे उसे रिकॉर्ड करें और तत्काल अपने जिला विद्यालय निरीक्षक को सूचित करें या साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं।