गंदे कमेंट की सजा मौत: समद की रील पर अमन करता था गलत इमोजी, बॉडी बिल्डर मूसा ने ईंट से चेहरा और सिर कूचा
19 साल के समद ने पुलिस को बताया कि वह हाईस्कूल का छात्र है और उसे बॉडी बिल्डिंग का शौक है। अमन का घर तो उसके घर से दूर है लेकिन दोनों में परिचय और दोस्ती थी। अमन से इंस्टाग्राम आईडी के जरिए काफी नजदीकियां थीं। उसने बताया कि वह अपनी कई रील्स और वीडियो इंस्टाग्राम पर अपलोड करता था। उसने महसूस किया कि अमन कुछ समय से उसके रील्स पर काफी खराब कमेंट कर रहा है।
विस्तार
यूपी के बरेली स्थित किला इलाके के रहने वाले पार्लर कर्मी अमन रजा की हत्या का शुक्रवार को सीओ प्रथम ने पर्दाफाश किया। हत्या अमन के सोशल मीडिया फ्रेंड हमउम्र युवक समद मूसा ने इंस्टाग्राम पर कमेंटबाजी की वजह से की थी। कोतवाली पुलिस ने मूसा को गिरफ्तार कर साक्ष्य बरामद किए तो उसने हत्या करने की बात कुबूल कर ली। कोर्ट ने आरोपी को जेल भेजा है।
अमन की पहचान में लगे थे छह घंटे
सीओ प्रथम आशुतोष शिवम ने बताया कि बुधवार को सिटी स्टेशन के पास रेलवे के खाली क्वार्टर में अमन रजा का शव मिला था। उसकी पहचान में छह घंटे लग गए थे। करीब 24 साल का मलूकपुर निवासी अमन रजा मॉडल टाउन के एक पार्लर में काम करता था। उसके भाई ने अमन के साथ काम करने वाले तीन लड़कों पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
समद ने कबूला जुर्म
पुलिस ने उन्हें बुलाकर पूछताछ की, सर्विलांस व सीसी कैमरों की फुटेज से सत्यता का पता लगाया पर दोस्तों की संलिप्तता साबित नहीं हो सकी। पुलिस ने कड़ियां जोड़ते हुए शुक्रवार को हत्यारोपी जखीरा मोहल्ला निवासी समद मूसा को सिटी सब्जी मंडी से गिरफ्तार कर लिया। उसने शुरू में इनकार किया लेकिन सुबूत सामने आने पर हत्या की बात स्वीकार कर ली।
बॉडी बिल्डर समद बोला- उल्टे कमेंट से चढ़ गया था पारा
19 साल के समद ने पुलिस को बताया कि वह हाईस्कूल का छात्र है और उसे बॉडी बिल्डिंग का शौक है। अमन का घर तो उसके घर से दूर है लेकिन दोनों में परिचय और दोस्ती थी। अमन से इंस्टाग्राम आईडी के जरिए काफी नजदीकियां थीं। उसने बताया कि वह अपनी कई रील्स और वीडियो इंस्टाग्राम पर अपलोड करता था। उसने महसूस किया कि अमन कुछ समय से उसके रील्स पर काफी खराब कमेंट कर रहा है। कभी अमन भड़काऊ इमोजी बनाकर चिढ़ाता था तो कभी उसकी पर्सनालिटी पर कमेंट करता था। बहस में ही सोशल मीडिया पर ही दोनों में विवाद बढ़ गया था। इससे उसके मन में आक्रोश पैदा हो गया।
योजना के तहत सुनसान में बुलाकर की हत्या
समद ने बताया कि योजना के तहत उसने सात अप्रैल की रात अमन को कॉल करके मिलने के लिए सिटी स्टेशन की ओर बुलाया। वह दोनों बात करते हुए पहले रेलवे ट्रैक की ओर बढ़ गए। फिर वहां ले जाकर उसने अमन से रील पर खराब कमेंट करने का कारण पूछा। अमन ने गाली देकर तीखा विरोध किया तो उसका गुस्सा और भड़क गया। उसने पटरी के पास ले जाकर धक्का दिया। गिरने की वजह से अमन घायल हो गया। समद ने बताया कि इसके बाद उसने अमन के गले व सीने पर कई लात मारीं, ईंट से ताबड़तोड़ हमला किया जिससे अमन की मौत हो गई। फिर वह शव को खींचकर खंडहरनुमा रेलवे क्वार्टर में ले गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल खून लगी ईंट, अमन का आधार कार्ड, खून से सने कपड़े व आरोपी का मोबाइल फोन बरामद किया है।
चाय विक्रेता को पकड़ा तो मिला सुराग
समद ने बताया कि उसके मोबाइल फोन में रिचार्ज नहीं रहता था। अक्सर वाईफाई से जोड़कर इंटरनेट इस्तेमाल करता। व्हाट्सएप पर कॉल करता। उस दिन भी अमन को बुलाने के लिए उसने काफी देर तक राजा चाय वाले के यहां इंतजार किया। वहां वाईफाई न होने पर उसने कहा तो चाय वाले ने उसे अपना मोबाइल फोन दे दिया। उसने इसी नंबर से कॉल कर अमन को बुला लिया। इसीलिए पुलिस ने जब संदेह के आधार पर चाय विक्रेता को पकड़ा तो समद के बारे में जानकारी मिल सकी। समद अपनी नानी के घर रहकर पढ़ाई करता था।
आरोपी समद ने अमन रजा की हत्या करना कुबूल कर लिया। अमन के दोस्तों की कोई भूमिका फिलहाल इस घटना में नहीं मिली। आरोपी को कोर्ट ने जेल भेज दिया है। - आशुतोष शिवम, सीओ प्रथम