यूपी: टारगेट किलिंग की साजिश का अंदेशा, निशाने पर कौन; बरेली में गिरफ्तार आरोपियों के नेटवर्क की तलाश
बरेली में अवैध हथियार तस्करी के आरोप में पकड़े गए चारों युवकों के तार पाकिस्तान से जुड़े पाए गए हैं। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों अब आरोपियों का मकसद और नेटवर्क तलाशने में जुटी है।
विस्तार
बरेली में बहेड़ी थाना पुलिस व एसओजी की गिरफ्त में आए चार युवकों को जेल भेजने के बाद पुलिस व सुरक्षा एजेंसियां उनके समूह का मकसद तलाशने में जुटी हैं। अंदेशा है कि वे टारगेट किलिंग की फिराक में थे। बहेड़ी, पीलीभीत व रामपुर इलाकों के चार युवाओं में से दोनों सिख युवकों के हाथ पर एक जैसे टैटू मिले हैं। यह भी जांच का विषय हैं। पुलिस का दावा है कि अवैध हथियार तस्करी में पकड़े गए चारों युवकों के तार पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी के हैंडलर अजमल गुर्जर से जुड़े पाए गए हैं।
पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी और अजमल गुर्जर का गैंग टारगेट किलिंग कराने के लिए चर्चित है। यूपी के युवकों को ड्रोन के जरिये पंजाब बॉर्डर पर असलहे देकर वह कौन सा लक्ष्य साधना चाहते हैं, इसकी परतें जांच में खुल सकती हैं। पकड़े गए चारों आरोपी अजमल गुर्जर के संपर्क में थे। सुखराज का आतंकी अजमल गुर्जर से सोशल मीडिया के जरिये संपर्क हुआ था। बातचीत के एक लाइव वीडियो की सुखराज ने स्क्रीन रिकार्डिंग की थी, जो पुलिस को मिल गया है। कई अन्य चैट व वीडियो डिलीट किए गए हैं। पुलिस दोनों के बीच हुई बातचीत का डाटा रिकवर कराने की कोशिश कर रही है।
यह भी पढ़ें- यूपी: हथियारों की चमक से भारतीय युवाओं को फंसा रहे पाकिस्तानी आतंकी; रील के जरिए अजमल गुर्जर से जुड़ा सुखराज
शहजाद भट्टी के संगठन को प्रतिबंधित कर चुका है गृह मंत्रालय
अजमल गुर्जर का आका शहजाद भट्टी अपना आतंकी संगठन एसबीए संचालित करता है। एसबीए टारगेट किलिंग, मादक पदार्थों, हथियारों व विस्फोटक सामग्री की तस्करी और स्लीपर सेल तैयार कराने के लिए काम करता है। इस वजह से गृह मंत्रालय की ओर से यूएपीए के तहत उसके संगठन को प्रतिबंधित किया गया है।
शहजाद भट्टी और अजमल गुर्जर भारत में रहने वाले कम उम्र के युवकों को सोशल मीडिया के जरिये रुपये देने, विदेश में नौकरी देने और आधुनिक हथियार देने का झांसा देकर अपने नेटवर्क में शामिल करते हैं। सुखराज की अजमल से हथियारों को लेकर बातचीत हुई थी। ऐसे में अंदेशा जताया जा रहा है कि ड्रोन के जरिये इन युवकों तक हथियार पहुंचाकर टारगेट किलिंग कराने की साजिश रची जा रही थी।
आईएसआई से है शहजाद का जुड़ाव
सुखराज का जुड़ाव जिस अजमल गुर्जर से है, उसका आका शहजाद भट्टी पाकिस्तान के पंजाब का रहने वाला है। कुख्यात गैंगस्टर भट्टी आईएसआई के नेटवर्क में शामिल हो गया है। वह पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी के इशारे पर भारत में पहले भी हमले करा चुका है। वह जालंधर में ग्रेनेड हमला और अंबाला व सिरसा के पुलिस थानों में भी हमले करा चुका है। ऐसे में वह बरेली, रामपुर और पीलीभीत के युवकों से किस मकसद से जुड़ा था, इसकी जांच हो रही है।
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि बहेड़ी के सुखराज व पीलीभीत के जसनूर के हाथ पर एक जैसे टैटू बने हैं। इस पर लिखा है- ट्रस्ट नो वन, यानी किसी पर भरोसा मत करो। पूछताछ में उन्होंने इस टैटू को बनवाने की कोई खास वजह नहीं बताई। कहा कि यूं ही गुदवा लिए हैं। हालांकि पुलिस इसे हर संभावित पहलू से जांच-परख रही है। शहजाद भट्टी व अजमल के गैंग के काम करने के तरीकों और उनमें युवाओं के इस्तेमाल का भी अध्ययन किया जा रहा है।
एसएसपी अनुराग आर्य ने पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। सर्विलांस टीम को आरोपियों के मोबाइल फोन, सोशल मीडिया अकाउंट और पाकिस्तानी कनेक्शन की कड़ियां खंगालने का काम सौंपा गया है। एसएसपी सोमवार को बहेड़ी थाने पहुंचे।
वहां उन्होंने बताया कि सुखराज उर्फ सुख्खा समेत चारों आरोपियों के पाकिस्तानी नेटवर्क से जुड़ने के मामले की गहन जांच की जा रही है। इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है। माके से भागे दो आरोपियों गुरसेवक और अनस पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।
पचपेड़ा गांव में घर-घर होगा सत्यापन
एसएसपी ने बताया कि एक आरोपी पचपेड़ा गांव का निवासी है। पुलिस 10 साल में गांव में आकर बसे सभी लोगों का सत्यापन करेगी। उनके आधार कार्ड, मूल निवास और वर्तमान गतिविधियों की पूरी जानकारी खंगाली जाएगी। कई लोगों ने यहां आकर आधार कार्ड बनवाए हैं, उनका बैकग्राउंड चेक किया जाएगा। एलआईयू और स्थानीय पुलिस को इस संबंध में निर्देश दिए हैं।
