Bareilly: अवैध खनन करने वालों से किला चौकी प्रभारी का गठजोड़, हर ट्रॉली पर पांच हजार रुपये वसूलने का आरोप
बरेली में किला चौकी प्रभारी पर अवैध खनन वालों से वसूली का आरोप लगा है। एक शिकायतकर्ता ने बताया है कि चौकी प्रभारी महीने में पांच हजार रुपये प्रति ट्रॉली के हिसाब से वसूली करते हैं। उसने मनमानी रकम नहीं दी तो उसके दो ट्रैक्टर-ट्रॉली सीज कर दिए।
विस्तार
बरेली के किला इलाके में काफी समय से अवैध खनन का धंधा चल रहा है। आरोप है कि अवैध खनन में लोगों से किला चौकी प्रभारी पांच हजार रुपये प्रति ट्राली के हिसाब से महीना वसूल रहे हैं। जब ट्रॉली वालों ने मनमानी रकम नहीं दी तो उनकी ट्रैक्टर-ट्रॉली सीज कर दी। शिकायत के बाद सीओ टू को जांच सौंपी गई है।
एसएसपी दफ्तर पहुंचे रोठा गांव निवासी वेदप्रकाश ने एसपी सिटी मानुष पारीक को बताया कि उनके गांव में काफी समय से अवैध खनन का धंधा हो रहा है। उनके समेत करीब बीस मिट्टी खनन के ट्रैक्टर-ट्रॉली निकालने के बदले चौकी प्रभारी किला को हर महीने पांच हजार रुपये प्रति वाहन के हिसाब से दिए जाते हैं। वर्तमान चौकी प्रभारी भी दो सिपाहियों के जरिये वसूली कर रहे हैं।
रुपये का लेनदेन करने वाले सिपाहियों के नंबर भी सौंपे
वेदप्रकाश ने पुलिसकर्मियों व खनन के वाहन चलाने वालों के मोबाइल नंबर भी दिए। लिखा है कि सीडीआर से पुलिस की मिलीभगत उजागर हो जाएगी। वेदप्रकाश ने बताया कि होली पर उनके पिता बीमार हुए तो इलाज में काफी खर्चा हो गया। वह समय से रुपये नहीं पहुंचा सके। आरोप है कि 22 मार्च को चौकी प्रभारी ने दोनों सिपाहियों संग मिलकर चार ट्रैक्टर-ट्रॉली रजा कॉलोनी के पास पकड़ लीं।
दो ट्रैक्टर-ट्रॉली सेटिंग से छोड़ीं
एक ट्रैक्टर-ट्रॉली मौके पर ही सेटिंग करके छोड़ दी तो दूसरी रात में चौकी पर खड़ी रखी और वसूली कर रात में छोड़ दी। इसकी तस्दीक सीसी फुटेज से की जा सकती है। वेदप्रकाश ने बताया कि वह और मुनीश रुपये का इंतजाम नहीं कर सके इसलिए उनकी ट्रैक्टर-ट्रॉली थाने ले जाकर सीज कर दीं। आरोप है कि चौकी प्रभारी बताते हैं कि थाना प्रभारी तक हिसाब देना पड़ता है। आरोप लगाया कि पुलिस की मिलीभगत से ही अवैध खनन किया जा रहा है। उन्होंने इस काम को भविष्य में न करने की कसम खाई है
एसपी सिटी मानुष पारीक ने कहा कि शिकायतकर्ता वेदप्रकाश की शिकायत पर सीओ टू को जांच दी गई है। दोषी मिलने पर पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई की जाएगी।