Bareilly News: मौलाना तौकीर के बहनोई से मांगी 20 लाख रुपये की रंगदारी, युवती के खिलाफ दर्ज कराई रिपोर्ट
बरेली में मोहसिन रजा पर छेड़खानी का आरोप लगाने वाली युवती अब खुद फंस गई है। उस पर रंगदारी मांगने का आरोप लगा है। मोहसिन रजा ने कोर्ट के आदेश पर युवती के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
विस्तार
बरेली में बवाल के मुख्य आरोपी मौलाना तौकीर रजा खां और उसके रिश्ते के बहनोई मोहसिन रजा पर छेड़खानी का आरोप लगाने वाली युवती रंगदारी मांगने के मामले में फंस गई है। मोहसिन रजा ने कोर्ट के आदेश पर प्रेमनगर थाने में उसके खिलाफ रंगदारी मांगने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बानखाना निवासी मोहसिन रजा ने प्रेमनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि हक की आवाज फाउंडेशन से जुड़ा नासिर हिस्ट्रीशीटर है। इस फाउंडेशन की अध्यक्ष रुमाना सकलैनी, नासिर, फिरोज, शहरोज, शाकिर और दो महिलाएं लोगों पर झूठे केस कर समझौते के नाम पर रुपये लेते हैं।
यह भी पढ़ें- Bareilly News: चाकू से ताबड़तोड़ वार कर ली किशोर की जान, बाल अपचारी सहित चार आरोपी गिरफ्तार
मोहसिन ने इज्जतनगर के प्रकरण का जिक्र करके बताया कि बानखाना में पंचायत की गई थी। इस दौरान इन लोगों ने 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। मोहसिन ने फिरोज पर फायर करने और नासिर पर घड़ी व कागजात छीनने का आरोप लगाया। मोहसिन के मुताबिक, आरोपियों ने उसका वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी दी थी।
मोहसिन पर हुई थी रिपोर्ट
दिसंबर 2025 में इज्जतनगर थाने में युवती ने मौलाना तौकीर रजा खां, उसके बहनोई मोहसिन रजा (मन्नानी मियां के दामाद), तारिक बेग, तौफीक बेग, शाहिद बेग, शाबिर बेग, इकराम बेग, इरफान बेग व विक्की के खिलाफ जमीन हथियाने और मां से छेड़खानी करने की रिपोर्ट कराई थी। संपत्ति विवाद का जिक्र कर लिखवाया था कि उसके पिता ने इन लोगों से तंग आकर आत्महत्या करने की कोशिश की थी।
सीओ सिटी प्रथम आशुतोष शिवम ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर प्रेमनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। हालांकि, घटनाक्रम के वादी मोहसिन पर पहले से ही छेड़खानी व अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज है। संबंधित पीड़िता को भी नए मामले में आरोपी बताया गया है। पुलिस विवेचना में स्थिति साफ करेगी।
