Bareilly News: पीएनजी कनेक्शन का मीटर बंद, फिर भी भेज रहे बिल, उपभोक्ता परेशान
बरेली में एलपीजी की किल्लत के कारण उपभोक्ता पीएनजी की ओर रुख कर रहे हैं, पर कनेक्शन में देरी और बिल संबंधी शिकायतों का समाधान न होने से परेशान हैं।
विस्तार
बरेली में लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस (एलपीजी) की किल्लत और आपूर्ति की अनिश्चितता से उपभोक्ताओं का रुझान पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) की ओर बढ़ा है। हालांकि, कनेक्शन में देरी से उनकी उम्मीदें टूट रही हैं। बिल संबंधी शिकायतों के भी समाधान में देरी से आक्रोश पनप रहा है।
रामवाटिका निवासी ओपी अग्रवाल के मुताबिक, कॉलोनी में पीएनजी लाइन बिछने के बाद उन्होंने 12 अप्रैल 2023 को सात हजार रुपये फीस जमा की थी। तीन साल गुजरने के बाद भी अब तक कनेक्शन नहीं हुआ। इस वजह से एलपीजी का उपयोग करना पड़ रहा है। तीन साल में कई बार कंपनी कार्यालय के चक्कर लगाए। जिला प्रशासन से शिकायत कर कनेक्शन दिलाने का अनुरोध किया है।
गैस आपूर्ति ठप, फिर आ रहा बिल
स्वालेनगर की कहकशा कॉलोनी के नदीम के मुताबिक कनेक्शन के चार माह बाद ही मीटर से गैस लीक होने लगी। शिकायत दर्ज कराने पर एक व्यक्ति आवास पर आया और मीटर की जांच की तो वह खराब मिला। तब से गैस की आपूर्ति ठप है लेकिन कंपनी की ओर से बकाया बिल भुगतान के मैसेज प्रतिमाह आ रहे हैं। हाल में संपर्क किया तो बिना उपयोग कंप्यूटरीकृत बिल जमा करने को कह रहे हैं।
सीयूजीएल के जीएम जितेंद्र गौतम ने बताया कि पीएनजी कनेक्शन के लिए टीमें सक्रिय हैं। अगर पुराने किसी आवेदन पर कनेक्शन नहीं हुआ है तो इसकी वजह पता कर समाधान कराएंगे। उपभोक्ताओं से धैर्य रखने और कंपनी के हेल्प लाइन नंबर पर संपर्क करने का आग्रह किया गया है।
20 सप्ताह बाद भी नहीं हुआ व्यावसायिक कनेक्शन
सिठौरा निवासी सुशांत मिश्रा ने सर्वहित कल्याण समिति के नाम से करीब 20 दिन पहले व्यावसायिक कनेक्शन के लिए आवेदन किया था। अब तक कनेक्शन नहीं हो सका है। सुशांत के मुताबिक कंपनी से संपर्क करने पर वे संतोषजनक जवाब नहीं दे रहे। समिति से भोजन वितरण का कार्य किया जाना प्रस्तावित है। कनेक्शन के अभाव में रोजगार का संकट है।

कमेंट
कमेंट X