रुहेलखंड विश्वविद्यालय: एमएससी रसायन विज्ञान में प्रवेश का आखिरी मौका, 10 अगस्त को होगी काउंसिलिंग
रुहेलखंड विश्वविद्यालय के रसायन विज्ञान विभाग में एमएससी (रसायन विज्ञान) की चौथी काउंसिलिंग 10 अगस्त को सुबह नौ बजे होगी। यह उन पंजीकृत अभ्यर्थियों के लिए है जो पिछली काउंसिलिंग में शामिल नहीं हुए। प्रवेश सीमित सीटों पर ओपन रैंक व मेरिट से होगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली के रुहेलखंड विश्वविद्यालय परिसर के रसायन विज्ञान विभाग में सत्र 2026-27 के लिए एमएससी (रसायन विज्ञान) प्रथम वर्ष प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के लिए चौथे चरण की काउंसलिंग का नोटिस जारी किया गया है। विभाग की ओर से जारी पत्र के अनुसार, ऐसे अभ्यर्थी जिन्होंने पंजीकरण तो कराया था लेकिन प्रथम, द्वितीय या तृतीय चरण की काउंसलिंग में रिपोर्ट नहीं कर सके थे, उन्हें 10 अगस्त को सुबह नौ बजे रसायन विज्ञान विभाग (बेसिक साइंस एंड ह्यूमैनिटीज भवन) में रिपोर्ट करने की सलाह दी गई है। प्रवेश पूरी तरह से ओपन रैंक और मेरिट के आधार पर सीमित सीटों के लिए दिया जाएगा।
काउंसलिंग के लिए श्रेणीवार उपलब्ध सीटों के मैट्रिक्स में सामान्य वर्ग के लिए एक सीट, ओबीसी वर्ग के लिए दो प्लस दो सीटें, एससी, एसटी के लिए एक प्लस एक सीट तथा सशस्त्र बल, स्वतंत्रता सेनानी और दिव्यांग श्रेणी के लिए दो सीटें निर्धारित हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि काउंसलिंग के दौरान शाम चार बजे तक आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं होते हैं, तो उन सीटों को अनारक्षित श्रेणी के छात्रों से भरा जाएगा। केवल काउंसलिंग में बुलाए जाने से प्रवेश की गारंटी नहीं होगी, सीटें भरते ही प्रवेश प्रक्रिया बंद कर दी जाएगी।
ये दस्तावेज अनिवार्य
अभ्यर्थियों को अपने साथ सभी मूल अंकपत्र, प्रमाण पत्र, डिग्री, जाति प्रमाण पत्र, ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र, भारांक संबंधी दस्तावेज, ऑनलाइन आवेदन पत्र की हस्ताक्षरित प्रति और दो पासपोर्ट साइज फोटो के साथ सभी की एक-एक स्व-सत्यापित छायाप्रति लाना अनिवार्य है। उत्तर प्रदेश के बाहर के एससी, एसटी व ओबीसी अभ्यर्थियों को सामान्य श्रेणी में ही माना जाएगा। एमएससी रसायन विज्ञान का वार्षिक शुल्क 27,050 रुपये (25,000 रुपये फीस + 2,000 रुपये कॉशन मनी + 50 रुपये स्पोर्ट्स फीस) है, जिसका भुगतान डीडी या यूपीआई व नेट बैंकिंग के माध्यम से ऑनलाइन किया जा सकता है।