Bareilly News: ट्रेन से कटकर ट्रक चालक और क्लीनर की मौत, पुलिस पर दौड़ाने और वसूली करने का आरोप
बरेली के बहेड़ी क्षेत्र में रविवार शाम ट्रेन की चपेट में आने से ट्रक चालक और क्लीनर की मौत हो गई। घटना के बाद मृतकों के परिजनों व ट्रक चालकों ने नैनीताल हाईवे स्थित आमडांडा चेक पोस्ट पर हंगामा किया। हाईवे पर जाम लगा दिया। उन्होंने पुलिसकर्मियों पर दौड़ाने और वसूली करने का आरोप लगाया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली के बहेड़ी में नैनीताल हाईवे पर अंतराज्यीय चेक पोस्ट आमडांडा के पास ट्रक ड्राइवर और क्लीनर चेक पोस्ट रसीद काटने पहुंचे तो वसूली को लेकर उनका पुलिसकर्मियों से विवाद हो गया। चेक पोस्ट पर तैनात पुलिस कर्मियों ने चालकों को दौड़ा दिया। वहां पास से ही रेल लाइन गुजर रही है। पांच-छह चालक और क्लीनर भागते हुए लाइन पार करने में कामयाब हो गए, लेकिन एक चालक और एक क्लीनर की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। इसके बाद चेक पोस्ट पर काफी देर हंगामा होता रहा। गुस्साए लोगों ने हाईवे जाम कर दिया। मृतक के परिजनों ने पुलिस पर वसूली कर ट्रक पास करने का आरोप लगाया है।
ट्रक चालक देवरनियां के गांव मुडिया निवासी वासिफ और क्लीनर इज्जतनगर थाना क्षेत्र के कंजादासपुर निवासी इरफान ट्रक लेकर उत्तराखंड सीमा की अंतराज्यीय चेक पोस्ट आमडांडा पर रविवार शाम पांच बजे पहुंचे। घटना के चश्मदीद ट्रक चालक भोला ने बताया कि चेक पोस्ट पर रुपये लेकर गाड़ियां निकली जाती हैं। वासिफ चेक पोस्ट पर उसको साथ लेकर गया था।
लाइन पार करते समय ट्रेन से कटे दोनों
उसने कहा कि बात करते हैं। रुपये देकर गाड़ी ऐसे ही निकाल लेंगे। चेक पोस्ट पर पहले से कई और चालक खड़े हुए थे। इसी बीच चालकों से पुलिस कर्मियों की किसी बात पर बहस हो गई। आरोप है कि दरोगा ने चालकों को दौड़ाया। भागते समय वासिफ और उसका क्लीनर इरफान रेल लाइन पार करने के दौरान लालकुआं से बरेली की ओर आ रही ट्रेन की चपेट में आ गए। दोनों की मौके पर मौत हो गई। घटना के बाद रात आठ बजे तक चेक पोस्ट पर हंगामा होता रहा।
मृतक चालक का भाई आसिफ ने बीच हाईवे पर चीख चीख कर कहा कि टैक्स की चोरी कर चेक पोस्ट से रुपये लेकर वाहनों को पास किया जाता है। आसिफ ने आरोप लगाया है कि चेक पोस्ट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की वीडियो फुटेज उसे नहीं दिखाई गई। सूचना पर सीओ अरुण कुमार आसपास के थानों के फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हंगामा कर रहे और हाईवे जाम किए चालकों, ट्रांसपोर्टरों और मृतकों के परिवार के लोगों को किसी तरह समझाकर शव पोस्टमार्टम को भिजवाए।
तीन थानों सें बुलाया गया फोर्स, मौके से भागे लेखपाल और पुलिसकर्मी
घटना के बाद माहौल गरम होने के कारण बहेड़ी के अलावा देवरनियां, शेरगढ़ और शीशगढ़ थाने से फोर्स को भी बुला लिया गया। इस दौरान पोस्ट पर तैनात लेखपाल और पुलिस कर्मी यहां से भाग गए। सीओ ने मृतकों के परिजनों को सीसीटीवी फुटेज दिखाए गए। फुटेज में दोनों ट्रक चालक और उनके साथ एक अन्य चालक चेक पोस्ट की ओर आते दिख रहे हैं। परिजनों का आरोप है उसके बाद की वीडियो डिलीट कर दी गई है। तहसीलदार भानु प्रताप सिंह और सीओ अरुण कुमार सिंह और आरोपों को गलत बताया है। अधिकारियों ने कहा मृतकों के आश्रितों को सरकार से जो संभव होगी वह सहायता दिलाई जाएगी।
जब तक न्याय नहीं होता शव दफन न करने की चेतावनी
मृतक ट्रक चालक वासिफ के छोटे भाई आसिफ ने बताया कि पुलिस बार-बार कह रही है, आर्थिक मदद कर रहे हैं लेकिन उन्होंने साफ कह दिया है उन्हें कोई आर्थिक मदद नहीं चाहिए। ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मी व लेखपाल थे जो घटना के तुरंत बाद भाग खड़े हुए। इनके कारण ही उसके भाई की मौत हुई है। जब तक उसे न्याय नहीं मिलता और आरोपियों पर कार्रवाई नहीं होती तब तक शव को दफन नहीं करेगा। सोमवार को पोस्टमॉर्टम के बाद परिवार वालों के साथ वह मुख्यालय पर प्रदर्शन करेगा।