Bareilly News: दिन में बेटे से जमीन को लेकर हुआ विवाद, रात में बुजुर्ग महिला की मौत, हत्या की आशंका
बरेली के सिरौली थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मंगलवार सुबह उनका शव घर में चारपाई पर मिला। ग्रामीणों ने बताया कि सोमवार को दिन में महिला का अपने बेटे से जमीन को लेकर विवाद हुआ था। इसे लेकर पंचायत भी हुई थी। उन्होंने हत्या की आशंका जताई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली के सिरौली थाना क्षेत्र के गांव मोहर सिंह गोटिया में बुजुर्ग महिला रीना (60 वर्ष) का शव मंगलवार सुबह चारपाई पर मिला। बताया जा रहा है कि सोमवार को दिन में मां-बेटे में जमीन बंटवारे को लेकर विवाद हुआ था। सूचना मिलने के बाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई है।
ग्रामीणों के अनुसार रीना के पति रामप्रसाद की काफी दिन पहले मृत्यु हो चुकी है। उनकी मृत्यु के बाद उनकी लगभग 60 बीघा जमीन पत्नी रीना और उनके दो बेटे कुंवर पाल और नरेश के नाम बराबर-बराबर दर्ज हो गई है, लेकिन पूरी जमीन पर नरेश ने कब्जा कर रखा था। नरेश का छोटा भाई कुंवर पाल मानसिक रूप से कमजोर है।
सोमवार को दिन में हुई थी पंचायत
कुंवर पाल और उसकी मां रीना ने गांव वालों से नरेश द्वारा उन्हें जमीन और पैदावार आदि कुछ न देने की शिकायत की थी। इसे लेकर गांव के लोगों ने सोमवार को ही पंचायत की थी। ग्रामीण ने नरेश से दोनों को खाने के लिए अनाज आदि देने को कहा था। इस दौरान नरेश भाई और मां को ही भला बुरा कहने लगा और 25-30 किलो गेहूं देकर पंचायत से चला गया था।
रात में रीना की मौत हो गई। इसकी जानकारी होने पर ग्रामीण जुट गए। पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई। बताते हैं कि सोमवार शाम को ही नरेश अपनी ससुराल शाहाबाद (रामपुर) ग्राम जनकपुर खेरे चला गया था। सुबह गांव के लोग नरेश को उसकी ससुराल से लेकर आए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। रीना मूल रूप से बिहार की रहने वाली थीं।
प्रथमदृष्ट्या पुलिस और ग्रामीणों को शक है कि नरेश और उसकी पत्नी धनदेवी द्वारा ही रीना की हत्या की गई है। पुलिस का कहना है कि सही जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस ने सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
कमरे में मिलीं टूटी चूड़ियां
मृतक रीना के चेहरे पर चोट के निशान हैं। कमरे में दोनों हाथों की चूड़ियां भी टूटी पड़ी मिलीं। मृतक की पुत्रवधू धनदेवी ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि रात में तबीयत खराब होने पर रीना सांस नहीं ले पा रही थीं, तो मैंने इनके गले पर सहलाया था। मौके पर फोरेंसिक टीम भी पहुंच गई। टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।
थाना प्रभारी सिरौली रोहित कुमार ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक की पुत्रवधू धनदेवी ने बताया कि रात दो बजे सास की तबीयत ज्यादा खराब हुई थी। तब उसने पानी पिलाने का प्रयास किया। प्रथमदृष्टया हार्ट अटैक से मौत होने की संभावना है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।