इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) की ओर से संचालित जून सत्रांत परीक्षा 2026 के अंतर्गत दारुल उलूम हबीबिया रिजविया, गोपीगंज स्थित परीक्षा केंद्र का बुधवार को इग्नू के सहायक क्षेत्रीय निदेशक डॉ. संजय कुमार ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्र अधीक्षक सूर्य प्रकाश ने केंद्र पर संचालित गतिविधियों एवं परीक्षा व्यवस्था की विस्तृत जानकारी दी।
डॉ. संजय कुमार ने परीक्षा संचालन के विभिन्न पहलुओं, परीक्षा की शुचिता, प्रश्नपत्रों के सुरक्षित रखरखाव, गोपनीयता एवं व्यवस्थाओं की गहन जांच की। निरीक्षण के उपरांत उन्होंने केंद्र की कार्यप्रणाली व परीक्षा संचालन पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा छात्र सहयोग सेवाओं को और प्रभावी बनाने के लिए निरंतर प्रयास करने पर जोर दिया। इग्नू अध्ययन केंद्र 48044 की समन्वयक तबस्सुम बानो ने जुलाई 2026 सत्र में विभिन्न रोजगारपरक व व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू होने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने इग्नू क्षेत्रीय केंद्र का आभार जताते हुए कहा कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से दूरदराज क्षेत्रों के शिक्षार्थियों तथा कामकाजी लोगों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बेहतर अवसर मिलेंगे और उनके शैक्षिक सपनों को साकार करने में सहायता मिलेगी। बताया कि इग्नू के रोजगारपरक पाठ्यक्रम से युवाओं को स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे। संवाद