दुबहर। थाना क्षेत्र के जनाड़ी चकिया के बारी गांव में मंगलवार की सुबह बारिश के दौरान आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 19 वर्षीय धनु कुमार पासवान की मौत हो गई। बिहार के बक्सर जिले के गंगौली निवासी भुआल पासवान का पुत्र धनु पासवान अपने ननिहाल जनाड़ी में रहकर पढ़ाई करता था। मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। धनु अपने मामा अनिल राम के घर के बाहर रखे घरेलू सामान को भीगने से बचाने के लिए हटाने लगा। इसी दौरान तेज गरज-चमक के साथ बिजली गिरने से वह उसकी चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया।
परिजन जिला अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। परिजनों के अनुसार धनु जब महज छह माह का था, तभी बीमारी के चलते उसकी मां तारा देवी का निधन हो गया था। इसके बाद धनु और उसकी बड़ी बहन गुड़िया अपने मामा अनिल घर जनाड़ी में रहकर पढ़ाई कर रहे थे। धनु ने 2023 में कक्षा नौ में दाखिला लिया था, लेकिन अस्वस्थ रहने के कारण वह कक्षा 10 की परीक्षा नहीं दे सका था। थानाध्यक्ष अनुपम जायसवाल ने बताया कि घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम को पहुंचाया।