UP: 'नालायक निकला बेटा, इसलिए मारना पड़ा....', आम के बाग में फेंकी लाश; पिता नफीस समेत तीन गिरफ्तार
आम के बाग में सलमान पुत्र नफीस का शव पड़ा मिला था। इस मामले में मृतक के पिता नफीस ने गांव के ही नदीम और वकील को नामजद कराते हुए हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
विस्तार
बेटा नालायक निकला, इसलिए मारना पड़ा... पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने यह बात कबूली है। दरअसल स्योहारा पुलिस ने सलमान की हत्या में आरोपी पिता समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए खुलासा कर दिया है। रिपोर्ट में नामजद किए गए दोनों आरोपियों की संलिप्ता नहीं मिली।
गांव बुढ़ेरन के पास नौ नवंबर को आम के बाग में सलमान पुत्र नफीस का शव पड़ा मिला था। इस मामले में मृतक के पिता नफीस ने गांव के ही नदीम और वकील को नामजद कराते हुए हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस की जांच में दोनों नामजद आरोपी निर्दोष पाए गए। पुलिस की पड़ताल में नफीस पुत्र शरीफ निवासी ग्राम बुढ़ेरन (मृतक का पिता), शमशाद पुत्र खलील निवासी मंसूर सराय, महावीर उर्फ पप्पू पुत्र हरिश्चंद्र निवासी ग्राम पिथापुर स्योहारा का नाम सामने आया।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मौके से अलाकत्ल ईंट का आधा टुकड़ा भी बरामद किया। पुलिस ने तीनों आरोपियों का चालान कर कोर्ट में पेश किया। जहां से उन्हें जेल भेल दिया गया। केस के विवेचक सत्येंद्र कुमार ने बताया कि सलमान की हत्या में उसके पिता नफीस समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार गया है।
पूछताछ में आरोपी पिता ने बताया कि बेटा नालायक निकला, इसलिए मारना पड़ा। बताया कि सलमान के खिलाफ साल 2024 में छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज हुआ था। जिसमें वह एक महीना पहले ही जेल से बाहर आया था। पुलिस के अनुसार सलमान अब परिवार की महिलाओं के साथ भी गलत हरकत करने लगा था।
अगर कोई रिश्तेदार महिला भी घर आ जाती तो उसके साथ भी उसका व्यवहार ठीक नहीं रहता था। जिसके चलते घर में सो रहे सलमान की गला घोंटकर और ईंट से वार करते हुए हत्या कर दी गई थी। इसके बाद शव को ले जाकर बाग में फेंक दिया।