Budaun News: निजी स्कूल में फंदे से लटका मिला कक्षा पांच के छात्र का शव, हत्या की आशंका
बदायूं के इस्लामनगर थाना क्षेत्र में कक्षा पांच के छात्र का शव निजी स्कूल में फंदे से लटका मिला। छात्र की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। उन्होंने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस जांच कर रही है।
विस्तार
बदायूं के इस्लामनगर थाना क्षेत्र के गांव नूरपुर-पिनौनी के रहने वाले ओमकार के 11 वर्षीय बेटे ओमशरण का शव निजी स्कूल में पाइप के सहारे फंदे से लटका मिला। वह कक्षा पांचवीं का छात्र था। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
ओमकार कश्यप ने बताया कि दोपहर करीब चार बजे उनका बेटा अचानक घर से लापता हो गया। काफी देर तक जब वह दिखाई नहीं दिया तो परिवार के लोग उसकी तलाश में लग गए। काफी देर तक उसका कोई सुराग नहीं लग सका। परिवार के लोग उसकी तलाश करते हुए घर से करीब पांच सौ मीटर की दूरी पर बने स्कूल एसआरएस में पहुंचे तो बेटे का शव स्कूल में लगे पाइप से बने फंदे पर लटकता देखा।
परिवार के लोगों ने उसको फंदे से उतारा और डॉक्टर के पास ले गए। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद सूचना थाना पुलिस को दी गई, सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर उदयवीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। घटना स्थल का निरीक्षण करते हुए शव को मोर्चरी में रखवाया।
परिजन बोले- बेटा आत्महत्या नहीं कर सकता
परिजनों का कहना है कि वह गांव के ही उमेद सिंह स्मारक इंटर कॉलेज में कक्षा पांचवीं में पढ़ता था। घर में किसी ने उससे कुछ नहीं कहा है। उनका बेटा आत्महत्या नहीं कर सकता है। परिवार के लोग हत्या कर शव लटकाने की आशंका जता रहे हैं। लेकिन उनका यह भी कहना है कि उनकी किसी से ऐसी दुश्मनी नहीं है जो बेटे की जान ले सके। बताया कि वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
एसपी देहात डॉ. हृदेश कठेरिया ने बताया कि कक्षा पांचवीं के छात्र का शव घर से पांच सौ मीटर दूरी पर फंदे से लटके मिलने की सूचना परिजनों ने पुलिस को दी थी। इसपर पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला लग रहा है। फिर भी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर ही कार्रवाई की जाएगी।
