Budaun News: बदहाल बिजली व्यवस्था पर फूटा किसानों का गुस्सा, हाईवे पर लगाया जाम, युवक बोला- आत्मदाह कर लूंगा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बदायूं के बिसौली क्षेत्र में बिजली कटौती से परेशान किसानों का आक्रोश बुधवार को खुलकर सामने आ गया। परवेजनगर बिजलीघर से आपूर्ति बाधित रहने और लो-वोल्टेज की समस्या से परेशान गुरयारी गांव के किसानों ने बिसौली बिजलीघर पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। गुस्साए किसानों ने हाईवे जाम कर बिजली निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
किसानों का कहना था कि पिछले कई दिनों से क्षेत्र में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। समय से बिजली न मिलने के कारण खेतों की सिंचाई नहीं हो पा रही है, जिससे धान समेत अन्य फसलें सूखने लगी हैं। किसानों ने आरोप लगाया कि विभागीय अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं कराया गया। इसी नाराजगी के चलते ग्रामीण बड़ी संख्या में बिजलीघर पहुंच गए।
युवक ने दी आत्मदाह करने की चेतावनी
प्रदर्शन के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक पेट्रोल की बोतल लेकर मौके पर पहुंच गया। युवक ने चेतावनी दी कि यदि जल्द बिजली व्यवस्था सुचारू नहीं की गई तो वह आत्मदाह कर लेगा। युवक के हाथ में पेट्रोल की बोतल देखकर वहां मौजूद लोगों और कर्मचारियों में खलबली मच गई।
स्थिति बिगड़ती देख अधिशासी अभियंता नरेंद्र कुमार मौके से चले गए। इससे किसानों का गुस्सा और बढ़ गया। उन्होंने हाईवे पर बैठकर प्रदर्शन तेज कर दिया। प्रदर्शन के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
इंस्पेक्टर ने किया समझाने का प्रयास
हाईवे जाम और तनावपूर्ण स्थिति की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया। सूचना पर क्राइम इंस्पेक्टर चमन गिरी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रदर्शन कर रहे किसानों को समझाने का प्रयास किया। उन्होंने किसानों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्या अधिकारियों तक पहुंचाकर जल्द समाधान कराया जाएगा।
काफी देर तक चले हंगामे के बाद भी किसान अपनी मांगों पर अड़े रहे। देर शाम तक पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी किसानों से वार्ता कर स्थिति को सामान्य कराने में जुटे रहे।