Budaun News: 12 हजार की रिश्वत लेते टेक्नीशियन और संविदा लाइनमैन गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने की कार्रवाई
बदायूं जिले में एंटी करप्शन टीम ने विद्युत निगम के टेक्नीशियन और संविदालाइन को रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया। दोनों ने फुंका ट्रांसफॉर्मर बदलने के नाम पर एक किसान से रिश्वत ली थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बदायूं जिले में खेत में फुंका ट्रांसफॉर्मर बदलवाने के लिए किसान से 12 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए जरीफनगर विद्युत उपकेंद्र में तैनात टीजी-2 (टेक्नीशियन) हरदेवा राम और संविदा लाइनमैन मानक चंद्र को बरेली से आई भष्ट्राचार निवारण (एंटी करप्शन) संगठन की टीम ने दबोच लिया। बृहस्पतिवार की शाम 3:12 बजे विद्युत उपकेंद्र पर की गई कार्रवाई से अन्य कर्मचारियों में खलबली मच गई। दोनों आरोपियों को रिश्वत की रकम के साथ रंगे हाथ पकड़ने के बाद टीम इन्हें सहसवान थाने ले गई।
जरीफनगर थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर कुड़ई गांव निवासी सर्वेश कुमार के खेत में ट्यूबवेल का ट्रांसफॉर्मर कुछ दिन पहले फुंक गया था। खेत में नया ट्रांसफॉर्मर लगवाने के लिए उन्होंने विद्युत उपकेंद्र के कई चक्कर लगाए। आरोप है कि खेत में ट्रांसफॉर्मर बदलवाने के लिए विद्युत निगम के टीजी-2 पद पर तैनात हरदेवा राम निवासी गांव जीणवार थाना मारोठ जिला नागौर राजस्थान और संविदा लाइनमैन मानक चंद्र निवासी गांव आरिफपुर भक्ता नगला, थाना जरीफनगर ने किसान से 12 हजार रुपये की रिश्वत मांगी।
पीड़ित किसान ने एंटी करप्शन कार्यालय में की थी शिकायत
परेशान किसान ने मामले की शिकायत बरेली जाकर एंटी करप्शन कार्यालय में की। शिकायत जांच में सही मिली। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक इश्तियाक वारसी के नेतृत्व में टीम ने रिश्वतखोरों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। बृहस्पतिवार शाम करीब 3:12 बजे विद्युत उपकेंद्र में दोनों आरोपियों को किसान ने रिश्वत की तय रकम दी।
इसी दौरान पहले से जाल बिछाए टीम ने मौके पर पहुंचकर टीजी-2 और संविदा लाइनमैन को रकम के साथ दबोच लिया। टीम ने दोनों के कब्जे से 12 हजार रुपये भी बरामद कर लिए। एंटी करप्शन के प्रभारी निरीक्षक इश्तियाक वारसी ने सहसवान थाने में दोनों आरोपियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम में केस दर्ज कराया है। दोनों आरोपी शुक्रवार को कोर्ट में पेश किए जाएंगे।