Budaun News: ट्रक ने बाइक सवार तीन लोगों को रौंदा, एक की मौत, दो की हालत नाजुक
उझानी में बरेली मथुरा-हाईवे पर बुटला बोर्ड के पास मंगलवार देर रात करीब एक बजे बाइक सवार तीन लोगों को डंपर ने टक्कर मार दी। हादसे में एक शख्स की मौत हो गई। दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बदायूं के उझानी में दावत खाकर घर लौट रहे बाइक सवार तीन लोगों को सामने से ट्रक ने रौंद दिया। लहूलुहान हालत में सड़क पर पड़े मिले तीनों लोगों को लेकर पुलिस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। इलाज शुरू होने से पहले ही एक की मौत हो गई। बाकी दोनों घायलों की हालत गंभीर है।
हादसा मंगलवार रात करीब एक बजे बरेली-मथुरा हाईवे पर बुटला गांव के पास हुआ। कोतवाली क्षेत्र के गांव निजामपुर निवासी सूरजपाल (50), उनके परिवार के प्रवेश (30) और नितिन (18) सहसवान क्षेत्र के गांव बड़ेरिया में दावत खाने गए थे। बाइक से लौटते समय बुटला गांव के पास सामने से ओवरटेक करके आ रहे ट्रक ने तीनों को अपनी चपेट में ले लिया। उनकी बाइक भी चकनाचूर हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक मौके पर छोड़कर भाग निकला। ट्रक पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
पुलिस कर्मियों ने सूरजपाल, प्रवेश और नितिन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। हालत गंभीर नजर आने पर तीनों को रात में ही राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। इलाज शुरू होने से पहले ही सूरजपाल की मौत हो गई। मृतक के बेटे कुलदीप ने बताया कि हादसा ट्रक चालक की लापरवाही की वजह से हुआ है।
नहीं लगाए थे हेलमेट
पुलिस ने पोस्टमॉर्टम कराके सूरजपाल का शव उनके परिजनों के हवाले कर दिया है। घायल दोनों युवकों का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। बाइक सवार तीनों लोग हेलमेट नहीं लगाए थे। इसी वजह से उनके सिर में भी चोट आई है। पुलिस ने ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है। सीओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों की ओर से पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।