सोमवती अमावस्या: बदायूं के कछला घाट पर उमड़ी आस्था, दो लाख श्रद्धालुओं ने गंगा में लगाई डुबकी
बदायूं के कछला घाट पर सोमवती अमावस्या पर लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई और पुण्य कमाया। सोमवार को सुबह से शाम तक गंगा घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ रही।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बदायूं जिले में सोमवती अमावस्या पर कछला गंगा घाट पूरे दिन आस्था से सराबोर रहा। करीब दो लाख श्रद्धालुओं के डुबकी लगाने का अनुमान है। सोमवार तड़के से ही स्नान का दौर शुरू हो गया। गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने सूर्यदेव को अर्घ्य दिया।
कछला गंगाघाट पर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला तड़के पांच बजे से शुरू हो गया, लेकिन सर्वाधिक भीड़ सुबह नौ से पूर्वाह्न तक नजर आई। गंगा किनारे के चारों घाट पर गंगा मैया के जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। सूर्यदेव को अर्घ्य देने के लिए गंगा किनारे जुटे श्रद्धालुओं ने पुरोहितों से मंत्रोच्चार कराकर पूजन किया। पुरोहितों को दक्षिणा भी भेंट की। प्रसाद वितरण किया। कासगंज जिले के छोर वाले घाट पर काफी भीड़ दिखी। श्रद्धालुओं में कई परिवार ने कन्याओं और संतों को भोज कराया।
गंगा स्नान करने के लिए बदायूं, बरेली, कासगंज, एटा, हाथरस, फिरोजाबाद आदि जिलों के अलावा राजस्थान के भरतपुर और धौलपुर से भी श्रद्धालु पहुंचे। राजस्थान के श्रद्धालुओं ने अपनी परंपरा के अनुरूप स्नान- ध्यान किया। घाट के पास लगे मेला में श्रद्धालुओं ने घरेलू इस्तेमाल की वस्तुओं और खानपान के सामान की खरीदारी की। गंगा किनारे के आश्रमों में धार्मिक अनुष्ठान कराए गए। भंडारे में प्रसाद बांटा गया। बच्चों ने खेलकूद के संसाधनों का लुत्फ उठाया।
कई श्रद्धालुओं ने कराया हवन
कछला गंगाघाट पर श्रद्धालुओं ने डुबकी लगाने के बाद पुण्य प्राप्ति को हवन कराया। मंत्रोच्चार के बीच परिवार में सुख और शांति के लिए आहुतियां अर्पित कीं। महिलाओं की टोलियों ने घाट पर ही संकीर्तन किया। गंगा मैया के गुणगान से सराबोर भजनों ने श्रद्धालुओं को भाव विभोर कर दिया। साड़ियों को एक- दूसरे में बांधकर उन्हें दूसरे छोर तक पहुंचाया गया। मान्यता है कि ऐसा मनोकामना पूर्ण होने पर किया जाता है।
हाईवे किनारे ट्रैक्टर खड़े करने से पुल पर जाम फंसे वाहन
कछला घाट समेत आसपास इलाके में यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अफसरों ने सोमवार तड़के से पुलिस कर्मियों को ड्यूटी प्वाइंट पर तैनात कर दिया। पुलिस चौकी के पास रास्ते से होकर दुपहिया वाहनों से घाट तक पहुंचने में दिक्कत नहीं हुई।
दूसरी तरफ, कासगंज जिले की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों में खासकर ट्रैक्टर- ट्रॉलियों को सोरों कोतवाली क्षेत्र की हाईवे पुलिस चौकी के आसपास बेतरतीब खड़े कर दिया। इससे श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। करीब एक घंटे तक लगे जाम में उनके वाहन भी फंस गए।