Budaun News: हाईवे पर स्लीपर बस और पिकअप की भीषण भिड़ंत, चालक समेत दो लोगों की मौत, दो अन्य की हालत नाजुक
बदायूं के उझानी क्षेत्र में बरेली-मथुरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार सुबह भीषण सड़क हादसा हुआ। कछला के समीप हाईवे पर स्लीपर बस और पिकअप की भिड़ंत हो गई। हादसे में पिकअप चालक और एक गार्ड की मौत हो गई। दो अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
विस्तार
बदायूं के उझानी क्षेत्र में बरेली-मथुरा हाईवे पर कछला के समीप स्लीपर बस और पिकअप की आमने-सामने से जबर्दस्त टक्कर हो गई। हादसे में चालक समेत पिकअप सवार गार्ड लहूलुहान हो गए। चालक को खिड़की तोड़कर बाहर निकाला गया। घायलों को लेकर पुलिसकर्मी राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचे, लेकिन रास्ते में ही पिकअप चालक और एक गार्ड की मौत हो गई। घायल दो अन्य गार्डों की हालत नाजुक बनी हुई है। मृतकों में एक राजस्थान के अलवर जिले का निवासी था।
मृतकों में पिकअप चालक की शिनाख्त राजस्थान के अलवर जिले में रुपारिया बरखेड़ा निवासी दिनेश कुमारी चौधरी (41 वर्ष) पुत्र प्रभातीलाल और गार्ड उझानी कोतवाली क्षेत्र के गांव सांवतीनगला के दुर्गेश यादव (40 वर्ष) पुत्र हुकुम सिंह के रूप में हुई है। स्लीपर बस में करीब 50 यात्री सवार थे, लेकिन किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। बस चालक और परिचालक मौका पाकर भाग गए। बस के यात्रियों को पुलिसकर्मियों ने हाईवे से होकर निकले दूसरे वाहनों से गंतव्य की ओर भेज दिया।
यह भी पढ़ें- UP: नदीम ने पकड़े हाथ, अरसल ने दबाया बुजुर्ग का गला, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से उलझी कहानी; बाप-बेटे का ये था प्लान
पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट
हादसे में घायल बरेली के आंवला थाना क्षेत्र के गांव नंदगांव निवासी महेश (35 वर्ष) और मऊ के थाना मधुवन के गांव जवाहरपुरी निवासी नीबूलाल (38 वर्ष) को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पिकअप सवार सभी लोग एनएचएआई से जुड़े थे। निर्माणधीन मथुरा-बरेली हाईवे पर तीनों गार्ड रात में ड्यूटी करते थे। मेडिकल कॉलेज पहुंचे एनएचएआई अधिकारी नवीन कुमार शर्मा ने पुलिस को बताया कि हादसा स्लीपर बस चालक की लापरवाही की वजह से हुआ है। प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार ने बताया कि हादसे की वजह को लेकर जांच की जा रही है। हादसे में क्षतिग्रस्त दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है। रिपोर्ट दर्ज कर चालक की तलाश की जा रही है।
संकरी सड़क हादसे की वजह, बस चालक को झपकी आने का शोर
कछला के पास हादसा होने की असल वजह तो जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा, लेकिन इसे लेकर पुलिस समेत इलाके के लोग तमाम तरह के कयास लगा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि सड़क चौड़ीकरण का काम चलने की वजह से कुछेक स्थानों पर वाहनों का रास्ता संकरा हो गया है। इसी के चलते दोनों वाहन चालकों को एक-दूसरे से बचने का मौका नहीं मिल पाया। दूसरी तरफ कहा जा रहा है कि स्लीपर बस के चालक को झपकी आ गई थी। इसे लेकर यात्रियों में शोर मचा तो आसपास इलाके के लोग भी बस चालक को जिम्मेदार ठहराने लगे।
हादसे के बाद भारी वाहनों की आवाजाही हुई प्रभावित
बरेली-मथुरा हाईवे पर जिस स्थान पर हादसा हुआ, वह रास्ता संकरा है। सड़क चौड़ीकरण का काम चलने की वजह से वाहन भी तेज रफ्तार के साथ नहीं निकल पाते। हादसे के बाद दोनों वाहन को मौके पर से हटवाने में पुलिसकर्मियों को करीब एक घंटा लगा। इस दौरान बाइक और कार सवार तो निकलते रहे, लेकिन ट्रक और बसों को रोकना पड़ा। जल्दी निकलने की कोशिश के दौरान कई बसें और ट्रक वितरोई मोड़ से मुजरिया के रास्ते बदायूं की ओर गए।
बस के कागज जांच में मिले सही
एआरटीओ हरिओम कुमार ने बताया कि हादसे के बाद मौके पर जाकर जांच की है। इसमें बस और पिकअप के सभी कागजात सही मिले हैं। हादसे का कारण सड़क निर्माण के चलते रोड संकरा होना ही माना जा रहा है। बस में हादसे के समय करीब 40 यात्री सवार थे, इनमें से किसी को चोट नहीं पहुंची है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।