{"_id":"6ae615d71eaf83ec3a074e6e","slug":"women-protest-to-get-a-liquor-shop-closed-down-in-budaun-2026-10-31","type":"story","status":"publish","title_hn":"बदायूं: लाठी-डंडे लेकर शराब के ठेके पर पहुंचीं महिलाएं, सेल्समैन ने अंदर से गिराया शटर, जमकर हुआ हंगामा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बदायूं: लाठी-डंडे लेकर शराब के ठेके पर पहुंचीं महिलाएं, सेल्समैन ने अंदर से गिराया शटर, जमकर हुआ हंगामा
Sat, 31 Oct 2026 09:55 PM IST
Mukesh Kumar
संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं
संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं
Published by: Mukesh Kumar
Updated Sat, 31 Oct 2026 09:55 PM IST
सार
बदायूं के फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के कस्बा ओरछी में शनिवार को शराब की दुकान बंद कराने की मांग को लेकर महिलाओं ने जमकर हंगामा किया। लाठी-डंडे लेकर पहुंचीं महिलाओं ने दुकान की घेराबंदी की।
विज्ञापन
शराब की दुकान के विरोध में महिलाओं ने किया हंगामा।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विस्तार
बदायूं के फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के कस्बा ओरछी में शनिवार को शराब के ठेके के विरोध में महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। गांव की तमाम महिलाएं लाठी-डंडे लेकर मेन तिराहे पर स्थित शराब दुकान पर पहुंच गई। महिलाओं ने दुकान की घेराबंदी कर हंगामा किया और दुकान बंद कराने की मांग उठाई। महिलाओं के आक्रोश को देखते हुए सेल्समैन ने दुकान का शटर अंदर से बंद कर लिया। पुलिस ने महिलाओं को समझाकर शांत कराया। महिलाओं ने दुकान बंद कराने की मांग को लेकर लिखित शिकायत दी है।
विज्ञापन
प्रदर्शन कर रही महिलाओं का आरोप था कि उनके पति शराब पीकर घर पहुंचते हैं। उनके साथ और बच्चों को भी मारते-पीटते हैं। कई बार उन्हें घर से निकलने तक के लिए कह दिया जाता है। सुबह से ही घर के राशन और बच्चों की जरूरतों की चिंता छोड़कर रुपये शराब में खर्च कर दिए जाते हैं। इससे परिवारों की आर्थिक स्थिति बिगड़ रही है।
विज्ञापन
आरोप: 24 घंटे बिकती है शराब
महिलाओं ने कहा कि शराब की दुकान के कारण ओरछी-असफपुर तिराहे से छात्राओं और महिलाओं का निकलना भी मुश्किल हो गया है। नशे में धुत युवक छात्राओं और महिलाओं पर अश्लील फब्तियां कसते हैं और छेड़खानी करते हैं। महिलाओं का कहना था कि शराब की दुकान खुलने का निर्धारित समय सुबह 10 से रात 10 बजे तक है, लेकिन यहां चौबीस घंटे शराब उपलब्ध रहती है। इसी से परेशान होकर सभी महिलाएं एकजुट हुई और ठेका बंद कराने पहुंच गई।
विज्ञापन
हंगामे की सूचना पर थाना फैजगंज बेहटा पुलिस मौके पर पहुंची और आबकारी निरीक्षक एसपी सिंह भी मौके पर पहुंचे और महिलाओं की शिकायत प्राप्त की। सीओ बिसौली अंशुमन श्रीवास्तव ने बताया कि महिला से बात की गई है। आबकारी विभाग से भी उनकी वार्ता कराई गई है। जल्द ही उनकी समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है।