UP में खूनी संघर्ष: निकाह के दिन दूल्हे के भाई को मारी गोली, पांच थानों की फोर्स तैनात; मातम में बदलीं खुशियां
स्थानीय लोगों का आरोप है कि दोनों पक्षों में देर रात भी मामूली विवाद हुआ था, जिसकी सूचना पुलिस को दी गई थी। आरोप है कि हल्का इंचार्ज शैलेंद्र कुमार ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। यदि समय रहते पुलिस ने हस्तक्षेप किया होता, तो यह बड़ा संघर्ष टाला जा सकता था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
यूपी के बुलंदशहर स्थित ककोड़ थाना क्षेत्र के कस्बा ककोड़ स्थित मोहल्ला व्यापारियान में शुक्रवार को पुरानी रंजिश के चलते दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों ओर से जमकर पथराव और ताबड़तोड़ फायरिंग हुई। इससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। फायरिंग के दौरान एक युवक समीर के पैर में गोली लगी है, जिसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आनन-फानन पांच थानों की फोर्स के साथ सीओ सिकंदराबाद मौके पर पहुंचे। समीर के भाई आरिस की शुक्रवार शाम को बरात इसी माहौल में रवाना हुई।
खुशियों का माहौल दहशत और मातम में बदला
मोहल्ला व्यापारियान निवासी हनीफ के पुत्र आरिस की बरात शुक्रवार शाम गुलावठी जानी थी। घर में निकाह की तैयारियां चल रही थीं। तभी पुरानी रंजिश को लेकर दूसरे पक्ष से विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों ओर से हथियारों का प्रदर्शन शुरू हो गया। फायरिंग के दौरान दूल्हे के भाई समीर के पैर में गोली लग गई। निकाह वाले घर में गोली चलने से खुशियों का माहौल दहशत और मातम में बदल गया।
टल सकता था संघर्ष
स्थानीय लोगों का आरोप है कि दोनों पक्षों में देर रात भी मामूली विवाद हुआ था, जिसकी सूचना पुलिस को दी गई थी। आरोप है कि हल्का इंचार्ज शैलेंद्र कुमार ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। यदि समय रहते पुलिस ने हस्तक्षेप किया होता, तो यह बड़ा संघर्ष टाला जा सकता था। मौके पर पहुंचे सीओ सिकंदराबाद भास्कर कुमार मिश्रा ने दरोगा की कार्यप्रणाली पर गहरा रोष जताया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जा रही है और उन पर कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
चार लोग घायल
सीओ ने बताया कि इस खूनी संघर्ष में दोनों ओर से कुल चार लोग घायल हुए हैं। एक पक्ष से समीर और हसीन घायल हैं, जबकि दूसरे पक्ष से यामीन उर्फ भगत जी और असलम को चोटें आई हैं। सभी का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। हालांकि, पुलिस समीर के पैर में लगी गोली को संदिग्ध मानकर भी जांच कर रही है।
वीडियो से होगी आरोपियों की पहचान
घटना के दौरान कस्बे में हुए पथराव और फायरिंग के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। पुलिस ने इन वीडियो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। सीओ ने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, लेकिन वायरल वीडियो के आधार पर उपद्रवियों और फायरिंग करने वाले मुख्य आरोपियों की पहचान की जा रही है। कस्बे में तनाव को देखते हुए एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
पुलिस का बयान
पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हुआ है। चार लोग घायल हैं। हल्का इंचार्ज की लापरवाही सामने आई है, जिस पर संज्ञान लिया गया है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। - भास्कर कुमार मिश्रा, सीओ सिकंदराबाद