बुलंदशहर। शहर की हवा की गुणवत्ता सुधारने करने के लिए पालिका नगर के प्रमुख मार्गों पर सड़क किनारे खाली पड़ी कच्ची जमीन पर टाइल्स लगाएगी। जिसपर पालिका छह करोड़ रुपये खर्च करेगी। सड़क किनारे टाइल्स के लगने से जहां धूल नहीं उड़ेगी, वहीं रास्ते के पक्का होने से वाहन चालकों की राह भी आसान होगी।
अधिशासी अधिकारी डॉ. अश्वनी कुमार ने बताया कि शहर में प्रदूषण को कम कर स्वच्छ वातावरण प्रदान करने के उद्देश्य से क्लीन इन्वायरमेंट योजना के अंतर्गत रोड साइड के कच्चे स्थानों पर टाइल्स लगाने का कार्य किया जाएगा। जिसपर करीब छह करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। टाइल्स के लगने से धूल-मिट्टी उड़ने की समस्या पर नियंत्रण पाया जा सकेगा। इस योजना के तहत डीएवी तिराहे से खुर्जा रोड रजवाहे तक, चांदपुर एफसीआई से रजवाहा मार्ग तक और स्याना अड्डा से अनूपशहर अड्डा रोड होते हुए नई मंडी तक के प्रमुख स्थान शामिल हैं। इन चिह्नित क्षेत्रों में सड़क किनारे की खाली और कच्ची जमीन पर टाइल्स लगाकर धूल के गुबार को रोका जाएगा। वहीं नगर निवासी मनोज कुमार, यशवीर, सुखदेव, नीरज, नितिन चौधरी, हाजी नूरइलाही, शमशाद, दिलशाद आदि का कहना है कि इस योजना से धूल से राहत मिलेगी। ईओ ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया को जल्द पूरा कर लिया जाएगा। जल्द ही मुख्य मार्गों के किनारे टाइल्स लगाने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।