आलम की असमय मौत: भाई संग सामान लाने जा रहा था मासूम, रास्ते में करंट ने ले ली जान; चार भाइयों में सबसे छोटा था
तमसीर ने बताया कि उनके चार बेटों में सवरे आलम सबसे छोटा था। ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। घर में बेटे की मौत के बाद मातम पसरा हुआ है। मां का रो-रोकर बुरा हाल है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
यूपी के बुलंदशहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सादिक नगर में रविवार ट्रांसफार्मर के डिस्ट्रीब्यूशन (एलटी) बॉक्स में करंट आने से चार वर्षीय मासूम की मौत हो गई। मासूम की मौत से आक्रोशित लोगों ने ऊर्जा निगम पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया और ट्रांसफार्मर को आबादी वाले रास्ते से हटाने की मांग की।
सुबह सामान लेने जा रहा था आलम
पिता तमसीर ने बताया कि उनका चार वर्षीय पुत्र सवरे आलम सुबह 8.45 बजे अपने बड़े भाई आठ वर्षीय मोहम्मद के साथ दुकान से सामान लेने जा रहा था। रास्ते में जलभराव के कारण दोनों भाई रास्ते के किनारे से निकल रहे थे। सड़क किनारे रखे हुए ट्रांसफार्मर के डिस्ट्रीब्यूशन बॉक्स में करंट उतरा हुआ था। इस दौरान इसके पास से गुजर रहा उनका छोटा बेटा सवरे आलम करंट की चपेट में आ गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, साथ चल रहे बड़े भाई मोहम्मद को भी करंट का झटका लगा और वह दूर जा गिरा। जिससे उसकी जान बच गई।
लोगों में भारी गुस्सा
सवरे आलम की करंट से मौत की सूचना पर परिवार के लोग बदहवासी की हालत में घटनास्थल की दौड़े। शव को देखते ही परिजन बिलख उठे। वहीं, सूचना पर मोहल्ले के लोगों की भीड़ जमा हो गई। हादसे को लेकर मोहल्ले के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। मोहल्लावासियों ने पालिका और ऊर्जा विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया। कहा कि काफी समय से सड़क जर्जर है। इससे जलभराव की समस्या बनी रहती है। आसपास स्कूल और मदरसा होने के कारण प्रतिदिन सैकड़ों लोग विशेषकर बच्चों का इसी मार्ग से आवागमन होता है। बार-बार शिकायत के बाद भी सड़क का निर्माण नहीं कराया गया। वहीं, ट्रांसफार्मर भी सुरक्षित तरीके से ढका गया होता तो यह हादसा न होता। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत कराया।
चार भाइयों में सबसे छोटा था आलम
तमसीर ने बताया कि उनके चार बेटों में सवरे आलम सबसे छोटा था। ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। घर में बेटे की मौत के बाद मातम पसरा हुआ है। मां का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, भाकियू अंबावता के राष्ट्रीय प्रवक्ता अनीस गाजी ने पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है। मुआवजा नहीं दिए जाने पर धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी।
मामला की जांच की जा रही है। ट्रांसफार्मर को सुरक्षित ढंग से कवर कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। -रवि कुमार, एसडीओ ऊर्जा निगम
करंट की चपेट में आने से बच्चे की मौत हुई है। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। -भास्कर मिश्रा, सीओ प्रभारी