चकिया। जिला संयुक्त अस्पताल में शुक्रवार को दुबेपुर गांव निवासी मरीज बेचन को जब हार्टअटैक आया तो 50 हजार का निशुल्क इंजेक्शन लगाकर चिकित्सकों ने उनकी जान बचाई। सुबह बेचन की तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजनों ने आनन फानन में जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने हार्टअटैक की शिकायत मिलने पर प्रदत्त 50 हजार रुपये की इंजेक्शन लगाकर जान बचाई। बेहतर इलाज के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
परिजनों ने बताया कि शुक्रवार सुबह बेचन के सीने में तेज दर्द, घबराहट और पसीना आने की शिकायत के बाद जिला संयुक्त चिकित्सालय चकिया की इमरजेंसी में लेकर आए। चिकित्सकों ने ईसीजी व अन्य आवश्यक जांच कराई। इसमें हार्टअटैक का पता चला। जिला संयुक्त चिकित्सालय के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ.अजय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि दुबेपुर गांव निवासी बेचन को गंभीर हालत में चिकित्सालय लाया गया।
इंजेक्शन देने के बाद मरीज की हालत में धीरे-धीरे सुधार होने लगा और सीने के दर्द में राहत मिली। इमरजेंसी में डाॅ. निशांत उपाध्याय, डाॅ. आरआर यादव, डाॅ. रोहित यादव, फार्मासिस्ट अनिल कुमार शर्मा, वार्ड ब्वाय रामजनम, दीपक त्यागी ने मरीज के इलाज में लगे रहे। सीएमएस डॉ. आरबी सिंह ने बताया कि मरीज को समय पर अस्पताल लाया गया। संवाद