नियामताबाद। अलीनगर थाने की पुलिस ने शनिवार की देर शाम नेशनल हाइवे स्थित सिंघीताली पुल पर एक ट्रक से पश्चिम बंगाल ले जाए जा रहे 15 मवेशी बरामद किए। साथ ही ट्रक से उतरकर भाग रहे एक तस्कर को धर दबोचा। तलाशी में तस्कर के पास तमंचा व कारतूस बरामद हुआ। पुलिस मवेशियों को मुक्त कराने के साथ तस्कर के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर कार्रवाई में जुट गई है।
थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह एसआई संतोष सिंह, हंसराज यादव, आरक्षी बृजेश यादव, प्रवीण चंद्र, जयप्रकाश, अरविंद कुमार, पंकज व सूरज के साथ एनएच स्थित सिंघीताली पुल के पास वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी बीच सूचना मिली कि तस्कर ट्रक में पशुओं को भरकर बिहार की ओर जाने वाले हैं। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने चंदौली की ओर जा रहे वाहनों को रोकने के लिए बैरिकेटिंग कर दी। इस दौरान हाइवे पर जाम लग गया। पुलिकर्मियों को देखकर एक ट्रक का चालक वाहन खड़ा कर भागने लगा जिसे पुलिसकर्मियों ने दौड़ाकर पकड़ लिया। उसकी तलाशी लेने पर उसके पास एक तमंचा व दो कारतूस मिले। वहीं ट्रक में कुल 15 मवेशी बंधे मिले। पुलिस मवेशियों संग ट्रक व तस्कर को थाने लाकर पशु तस्कर कौशांबी जिले के कड़ाधाम थाना क्षेत्र के दौलतपुर कसार निवासी रोमान के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर अगली कार्रवाई में जुट गई है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पूछताछ में पशु तस्कर ने पशुओं की चोरी कर ट्रक से पश्चिम बंगाल ले जाने की बात कबूली है।