चंदौली। पुलिस ने बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब निर्मित अवैध अंग्रेजी बियर का जखीरा बरामद किया। पुलिस ने एक ट्रक से भारी मात्रा में बियर जब्त कर दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया। बाजार में बरामद बियर की अनुमानित कीमत करीब 61 लाख रुपये आंकी गई है। एएसपी अनंत चंद्रशेखर ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि वाराणसी से बिहार जाने वाले नेशनल हाईवे से एक संदिग्ध ट्रक गुजरने वाला है। इस पर चौकी नवीन मंडी के सामने पुलिस ने घेराबंदी की।
ट्रक संख्या एमएच-18 बीजी-7712 को रोककर तलाशी ली गई, तो ट्रक में ऊपर से भूसी लदी थी लेकिन उसकी आड़ में नीचे छिपाकर रखी गई हावर्ड 500 ब्रांड की अवैध अंग्रेजी बियर की कुल 1210 पेटियां मिलीं। बरामद बीयर की कुल मात्रा 14,520 लीटर है। राजस्थान के रहने वाले हैं दोनों शातिर तस्कर : पुलिस ने मौके से जिन दो अंतरराज्यीय तस्करों को दबोचा है, उनकी पहचान मूला राम (28 वर्ष, निवासी खोखसर पश्चिम, थाना गीडा, बाड़मेर, राजस्थान) और हितेंद्र कुमार (25 वर्ष, निवासी सेवनीपाला, थाना बायतु, बाड़मेर, राजस्थान) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने कुबूल किया कि वे इस अवैध खेप को पंजाब से लोड कर बिहार के औरंगाबाद जिले में खपाने के लिए ले जा रहे थे। शराबबंदी वाले राज्य बिहार में बीयर पहुंचाने के बदले उन्हें प्रति चक्कर 50 हजार रुपये मिलने वाले थे। पकड़े जाने के डर से आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए ट्रक में सिर्फ भूसी लदी होने का बहाना भी बनाया लेकिन पकड़े गए। एएसपी ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।