Hanuman Janmotsav 2026: बाल हनुमान पालकी शोभायात्रा से गूंजा चंदौली शहर, श्रद्धालुओं में दिखा उत्साह
Chandauli News: चंदौली जिले में हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर मंगलवार को बाल हनुमान जी की पालकी शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान श्रद्धालुओं में गजब का उत्साह देखने को मिला।
विस्तार
हनुमान जयंती के पावन अवसर पर श्री श्री राम चरितमानस संघ के तत्वावधान में मंगलवार को भव्य बाल हनुमान पालकी शोभायात्रा निकाली गई। स्थानीय नई सट्टी स्थित श्री हनुमान दुर्गा मंदिर से प्रातः 7 बजे हनुमान ध्वजा और बाल हनुमान जी की पालकी के साथ यात्रा प्रारंभ हुई, जिसमें नगर व आसपास के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
शोभायात्रा में नारी शक्ति ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाचते-गाते हनुमान ध्वजा लहराते हुए आगे चल रही थी। उनके पीछे नंगे पांव भक्तगण बाल हनुमान जी की पालकी कंधे पर लिए हुए भक्ति भाव में सराबोर नजर आए। भजन-कीर्तन और जयकारों से पूरा नगर गूंजता रहा। एक वाहन पर सजी श्री राम दरबार की आकर्षक झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी रही।
यात्रा नई बस्ती, कैलाशपुरी, रविनगर, न्यू महाल, नई सट्टी, लाट नंबर-2, गल्ला मंडी व जीटी रोड सहित विभिन्न मार्गों से होकर पुनः मंदिर परिसर पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। इस दौरान जगह-जगह समाजसेवियों द्वारा पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया, वहीं पानी, शर्बत, कोल्ड ड्रिंक्स व मिष्ठान्न के लंगर भी लगाए गए। माताओं-बहनों द्वारा जगह-जगह पालकी रोककर आरती भी उतारी गई।
शोभायात्रा के उपरांत मंदिर परिसर में अखंड रामायण पाठ प्रारंभ हुआ, जिसका समापन बुधवार प्रातः होगा। इसके बाद रुद्राभिषेक और सायंकाल भव्य महाआरती का आयोजन किया जाएगा, जिसमें 1100 महिलाओं के शामिल होने की तैयारी है।
कार्यक्रम में संयोजक मनोज गुप्ता, अशोक शुक्ला, अंशुल पांडेय, राकेश पाल, संजीव जायसवाल, अतुल ओझा, सभासद रमेश चौहान, पूर्व सभासद बृजेश गुप्ता सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।