पीडीडीयू नगर। शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बृजेश गुप्ता के नेतृत्व में कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शास्त्री पार्क से अपनी विभिन्न मांगों के लिए वाराणसी आ रहे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मिलने के लिए रवाना हुआ। इसकी भनक लगने के बाद मुगलसराय कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह ने पुलिस बल के साथ कांग्रेसजनों को वाराणसी जाने से रोक दिया। गिरफ्तार करके कोतवाली ले गए। यहां कार्यकर्ताओं ने प्रभारी निरीक्षक को पीएम के नाम पत्रक सौंपा। देर शाम पुलिस ने कार्यकर्ताओं को निजी मुचलके पर छोड़ दिया। शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बृजेश गुप्ता ने कहा कि कांग्रेसजनों की गिरफ्तारी घोर निंदनीय है। देश के हर नागरिक को प्रधानमंत्री से मिलकर जनहित के मुद्दे पर बात करने का पूरा अधिकार है लेकिन विडंबना है भाजपा सरकार में जनता के मुद्दों को उठाने पर बलपूर्वक आवाज दबा दी जाती है। पीसीसी सदस्य अकील अहमद बाबू ने कहा कि कांग्रेसजन राहुल गांधी के बब्बर शेर हैं जो जुल्म सहने के बावजूद जनता की लड़ाई लड़ते रहेंगे। पार्टी के वरिष्ठ नेता दयाराम पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री से मुलाकात का समय मांगने के बाद भी डीएम चंदौली की ओर से समय नहीं दिया जाना घोर निंदनीय है। अल्पसंख्यक कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष शाहिद तौसीफ ने कहा कि क्षेत्र की जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेसजनों का संघर्ष अंतिम दम तक जारी रहेगा। कहा कि पत्रक में नगर को सी ग्रेड से हटाकर पूर्व का दर्जा दिए जाने, डूडा विभाग में रजिस्ट्रेशन रेहड़ी पटरी वालों को वेंडर जोन देने, चौडीकरण की जद में आने वाले व्यापारियों को उचित मुआवजा देने, लंबित पत्रकार भवन व प्रेक्षागृह बनाने, नगर व नगर के सीमावर्ती क्षेत्र में सड़कों नालियों के निर्माण व मरम्मत, नगर पालिका क्षेत्र में लंबित सीवर ट्रीटमेंट प्लांट की स्थापना, श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में काशीवासियों की तरह दर्शन सुलभ कराने, ओड़वार, मनोहरपुर व गोधना स्थित मान्यवर कांशीराम के आवासों की मरम्मत, सड़क व नालियों की मरम्मत, पेयजल व सफाई की समुचित व्यवस्था सहित अन्य मांगों से प्रधानमंत्री को अवगत कराना था। इस मौके पर विजय गुप्ता, संगीता सिंह, उषा यादव, संजय जयसवाल, रमेश पांडेय, शाकिर अंसारी, इम्तियाज अहमद, साबिर राईन, दीपक चौधरी, नेसार शाह, ऋषि दयाल, मृत्युंजय शर्मा, दिलीप पाल, हेलेन पैट्रिक, मुन्नी सिंह, अजय माली, कन्हैया मोदनवाल, अमन सोनकर आदि रहे।
कमेंट
कमेंट X