UP: घर में घुसे चोरों से भिड़ गया किशोर, सीने में गोली लगने के बाद भी एक को नहीं छोड़ा; मौत से गांव में मातम
Chandauli News: घर में चोरी कर जा रहे बदमाशों से किशोर अकेले भिड़ गया। हाथापाई के दाैरान उसको गोली मारकर पांच भाग निकले। घायल किशोर ने एक बदमाश को पकड़कर रखा। ग्रामीणों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं, उसकी माैत हो गई।
विस्तार
सैयदराजा जिले में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। चोरी की वारदात को रोकते हुए 17 वर्षीय किशोर मोनू कुमार ने अद्भुत साहस का परिचय दिया। पांच–छह बदमाशों से अकेले भिड़े मोनू को बदमाशों ने गोली मार दी, लेकिन घायल होने के बावजूद उसने एक बदमाश को पकड़े रखा। बाद में इलाज के लिए ले जाते समय मोनू की मौत हो गई। उसकी बहादुरी के चलते एक बदमाश को मौके पर ही पकड़ लिया गया।
घटना सैयदराजा थाना क्षेत्र के दुधारी गांव की है। गांव के मुन्ना राम के घर रविवार देर रात करीब डेढ़ बजे 5–6 बदमाश चोरी के इरादे से घुस आए। घर के सभी लोग सो रहे थे। बदमाश घर में रखा सामान खंगालने के बाद बक्सा लेकर बाहर निकलने लगे। इसी दौरान मुन्ना राम के बेटे मोनू कुमार की नींद खुल गई। घर में हलचल देखकर उसने बदमाशों का विरोध किया।
मोनू ने हिम्मत दिखाते हुए बदमाशों का पीछा किया और दौड़ाकर एक बदमाश को पकड़ लिया। अपने साथी को फंसा देख बाकी बदमाश भी मोनू से भिड़ गए। करीब पांच मिनट तक संघर्ष चलता रहा, लेकिन मोनू ने बदमाश को नहीं छोड़ा। खुद को घिरता देख एक बदमाश ने मोनू के सीने में गोली मार दी। गोली लगने के बावजूद मोनू बदमाश को पकड़े रहा और शोर मचाता रहा।
परिजनों में मचा कोहराम
गोली की आवाज सुनकर गांववाले दौड़कर मौके पर पहुंचे। तब तक बाकी बदमाश फरार हो चुके थे, लेकिन मोनू ने जिस बदमाश को पकड़ा था, उसे ग्रामीणों ने दबोच लिया। इसके बाद गंभीर रूप से घायल मोनू को आनन-फानन अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने पकड़े गए बदमाश को पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी के पास से एक डायरी, दो मोबाइल फोन और नौ हजार रुपये बरामद किए गए हैं। मोनू की मौत की खबर मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मोनू के पिता मुन्ना राम मजदूरी करते हैं। चार भाइयों और दो बहनों में मोनू पांचवें नंबर पर था। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बदमाश गिरफ्तार
घटना की जानकारी मिलने पर सैयदराजा से सपा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू मोनू के घर पहुंचे। उन्होंने बढ़ती चोरी की घटनाओं पर सवाल उठाते हुए पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद देने की मांग की।
एएसपी अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि एक आरोपी को ग्रामीणों ने मौके पर पकड़ लिया था, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना में शामिल तीन अन्य बदमाशों को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें लगाई गई हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।