शमसाबाद। कल 30 जुलाई से श्रावण मास शुरू होने के साथ ही कांवड़ यात्रा प्रारंभ हो जाएगी। श्रद्धालु गंगाजल लेकर मोहल्ला तराई स्थित चौमुखी महादेव मंदिर में जलाभिषेक करने पहुंचेंगे, लेकिन मंदिर का मार्ग दलदल और कीचड़ से भरा है। स्थिति यह है कि वाहन तो दूर पैदल निकलना भी मुश्किल है।
हर वर्ष शिवभक्त कांवड़ लेकर चौमुखी महादेव पर जल चढ़ाने जाते हैं लेकिन इस बार मार्ग दलदल व कीचड़ से भरा है। नामित सभासद जितेंद्र शाक्य ने कुछ दिन पूर्व इस सड़क की मरम्मत कराने की मांग उठाई थी, लेकिन अब तक कोई कदम नहीं उठाया गया। जबकि श्रावण मास शुरू होने में केवल दो दिन शेष हैं, ऐसे में अब समय से सड़क बन पाना संभव नहीं दिख रहा है। वहीं, नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी अवनीश कुमार ने बताया दो दिन में चौमुखी महादेव मंदिर के सभी मार्ग ठीक कर दिए जाएंगे। किसी भी श्रद्धालु को दिक्कत नहीं होने दी जाएगी।