सुहवल। थाना क्षेत्र मेदनीपुर स्थित रेलवे पुलिया के नीचे हाईवे किनारे से पुलिस ने शनिवार की सुबह एक अंतरजनपदीय चोर को पकड़ लिया। उसके पास से तीन रुपये के आभूषण, तमंचा और एक कारतूस बरामद हुआ। हालांकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया।
थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि आरोपी मुहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के परसा गांव निवासी सूरज बनवासी है। चोर के पास से एक तमंचा, एक कारतूस और चोरी के आभूषण बरामद हुए हैं। बरामद आभूषणों में छह जोड़ी चांदी की पायल, दो सोने के लॉकेट, दो सोने की गुड़िया, चार जोड़ी सोने की कान की झाली और चार सोने के टप्स हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि बताया कि बरामद आभूषण रमवल गांव और बलिया जनपद में हुई चोरी की घटनाओं से संबंधित हैं। थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि पूछताछ के बाद चोर को न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने उसे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेज दिया है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।