SIR List 2026: एक लाख से ज्यादा नए वोटर जुड़े, 14 हजार नाम कटे; गाजीपुर में तीन गुना बढ़े युवा मतदाता
Ghazipur News: गाजीपुर जिले में सबसे ज्यादा मुहम्मदाबाद और सबसे कम गाजीपुर विधानसभा में वोटर जुड़े। जिले में अब कुल मतदाताओं की संख्या 2630012 वोटर हो गई है। मुहम्मदाबाद में सबसे ज्यादा और गाजीपुर विधानसभा में सबसे कम मतदाता बढ़े हैं।
विस्तार
विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के तहत जिले की मतदाता सूची में बड़ा बदलाव सामने आया है। इस बार 1,01,719 नए मतदाता जोड़े गए, जबकि 14,496 नाम सूची से हटाए गए। जिले में अब कुल मतदाताओं की संख्या 2630012 वोटर हैं। इसमें पुरुष 1429806, महिला 1200171 और थर्ड जेंडर के 35 वोटर हैं, जबकि बीते 6 जनवरी को हुए आलेख्य प्रकाशन में कुल वोटरों की संख्या 2542789 थी। इसमें 1384982 पुरुष, 1157773 महिला और 46 थर्ड जेंडर वोटर थे। वहीं मुहम्मदाबाद में सबसे ज्यादा और गाजीपुर विधानसभा में सबसे कम मतदाता बढ़े हैं।
यह जानकारी शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि व्यापक सत्यापन अभियान के दौरान 6,55,086 मतदाताओं को नोटिस जारी किया था। इनमें से 5,468 मतदाताओं की मैपिंग नहीं हो सकी, जिसके चलते उनके नाम अंतिम सूची से हटा दिए गए।
डीएम ने बताया कि अंतिम प्रकाशित सूची के अनुसार अब जनपद में कुल मतदाताओं की संख्या 26,30,012 हो गई है, जिसमें 14,29,806 पुरुष, 12,00,171 महिलाएं और 35 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। बताया कि पुनरीक्षण के दौरान न सिर्फ सूची को शुद्ध किया गया, बल्कि जेंडर रेशियो में भी सुधार हुआ है। यह 836 से बढ़कर 839 हो गया, जबकि ईपी रेशियो 57 प्रतिशत से बढ़कर 58.95 प्रतिशत पहुंच गया।
तीन गुना बढ़े युवा मतदाता
18-19 आयु वर्ग के मतदाताओं की संख्या में बड़ा इजाफा हुआ है। पहले यह संख्या 10,655 थी, जो अब बढ़कर 32,006 हो गई है। यानी इस आयु वर्ग में 21,351 नए मतदाता जुड़े हैं, जो आगामी चुनावों में अहम भूमिका निभाएंगे।
मतदान केंद्र बढ़े, ढांचा हुआ मजबूत
पुनरीक्षण से पहले जिले में 2,959 मतदान स्थल और 1,621 मतदान केंद्र थे। पुनर्समायोजन के बाद अब 3,378 मतदान स्थल और 1,619 मतदान केंद्र हो गए हैं। इससे मतदान व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होने की उम्मीद है।
17,907 नए मतदाता मुहम्मदाबाद में जुड़े
विधानसभा वार आंकड़ों में सबसे अधिक 17,907 नए मतदाता मुहम्मदाबाद में जुड़े हैं, जबकि सबसे कम 11,850 मतदाता गाजीपुर विधानसभा क्षेत्र में जुड़े। जहूराबाद, जमानियां और सैदपुर में भी अच्छी बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि जखनियां और गाजीपुर में अपेक्षाकृत कम वृद्धि रही।
विधानसभा वार नए जुड़े मतदाता (पुरुष/महिला)
- जखनियां (अजा) : 11,893 (5779 / 6114)
- सैदपुर (अजा) : 14,831 (7430 / 7400)
- गाजीपुर : 11,850 (5921 / 5929)
- जंगीपुर : 14,302 (7180 / 7122)
- जहूराबाद : 15,617 (7789 / 7828)
- मुहम्मदाबाद : 17,907 (9012 / 8895)
- जमानियां : 15,713 (8002 / 7317)
फर्जी या डुप्लीकेट वोटरों के नाम हटे
कुल 14,496 नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। जिलाधिकारी के अनुसार, यह कार्रवाई मुख्य रूप से मैपिंग न होने,डुप्लीकेट नाम, मृत/स्थानांतरित मतदाता के आधार पर की गई, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि जहां फर्जी या डुप्लीकेट प्रविष्टियां अधिक थीं, वहां अपेक्षाकृत ज्यादा नाम हटाए गए।
ऑनलाइन भी देख सकेंगे सूची
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची एक सप्ताह तक जिला निर्वाचन कार्यालय, संबंधित कार्यालयों और सभी मतदेय स्थलों पर उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा इसे ऑनलाइन भी देखा जा सकता है।
1412 शिकायतों का निस्तारण
पुनरीक्षण के दौरान एनजीएसपी पोर्टल पर 1,412 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनका निस्तारण कर दिया गया। वहीं ‘बुक ए कॉल विद बीएलओ’ सुविधा के तहत 5,520 मतदाताओं ने संपर्क कर अपनी समस्याओं का समाधान कराया।