सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Gyanvapi Survey Hindu side will demand excavation of Gyanvapi like Shri Ram Janmabhoomi case

Gyanvapi: अयोध्या की तरह हिंदू पक्ष का होगा अगला कदम! कल से इसकी शुरुआत... वकील विष्णु शंकर ने कहीं ये बातें

अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी Published by: आकाश दुबे Updated Sun, 28 Jan 2024 10:51 AM IST
विज्ञापन
सार

ज्ञानवापी में पूर्वी दीवार के आगे भी मंदिर की संभावना जताई जा रही है। हिंदू पक्ष के अधिवक्ता विष्णु शंकर जैन ने शनिवार को कहा कि 29 जनवरी को सुप्रीम कोर्ट में प्रार्थना पत्र देंगे। इसके जरिये सील वजूखाने के वैज्ञानिक पद्धति से सर्वे का अनुरोध किया जाएगा।

Gyanvapi Survey Hindu side will demand excavation of Gyanvapi like Shri Ram Janmabhoomi case
Gyanvapi case - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

ज्ञानवापी परिसर की सर्वे रिपोर्ट सार्वजनिक होने के बाद हिंदू पक्ष सुप्रीम कोर्ट में एक और प्रार्थना पत्र देगा। इसके माध्यम से परिसर स्थित सील वजूखाने का एएसआई से सर्वे कराने का अनुरोध किया जाएगा। साथ ही कुछ अन्य पुख्ता साक्ष्य एकत्र करने के लिए अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि जैसी खोदाई की मांग भी की जाएगी। हिंदू पक्ष के अधिवक्ता विष्णु शंकर जैन ने शनिवार को कहा कि 29 जनवरी को सुप्रीम कोर्ट में प्रार्थना पत्र देंगे। इसके जरिये सील वजूखाने के वैज्ञानिक पद्धति से सर्वे का अनुरोध किया जाएगा कि वहां मौजूद स्वयंभू शिवलिंग के बारे में एएसआई सर्वे कर बताए कि उनसे संबंधित वास्तविकता है क्या...?
Trending Videos

ज्ञानवापी को नागर शैली का मंदिर बताया गया
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) की सर्वे रिपोर्ट में ज्ञानवापी को नागर शैली का मंदिर बताया गया है। इसी शैली से काशी विश्वनाथ मंदिर भी बना है। अयोध्या में रामलला का मंदिर भी पहले नागर शैली से बना था। सर्वे रिपोर्ट के मुताबिक, ज्ञानवापी भी भव्य हिंदू मंदिर था। मंदिर का ढांचा हूबहू अयोध्या में बने राम मंदिर से मिल रह है। प्रवेश द्वार के बाद दो मंडप और गर्भगृह की परिकल्पना की गई है। नागर शैली में ही बने अयोध्या के रामलला के मंदिर में भी प्रवेश के बाद मंडप और सबसे अंतिम छोर पर गर्भगृह स्थापित है। ज्ञानवापी में पूर्वी दीवार के आगे भी मंदिर की संभावना जताई जा रही है। हालांकि पूर्वी दीवार बंद होने के चलते उसके आगे का सर्वे एएसआई की टीम नहीं कर सकी है।

विज्ञापन
विज्ञापन

कोर्ट के आदेश का इंतजार करें: हिंदू पक्ष
हिंदू पक्ष का कहना है कि परिसर में जहां भी खोदाई कर साक्ष्य एकत्र करने की जरूरत है, उसके लिए भी सुप्रीम कोर्ट से अनुरोध किया जाएगा। खोदाई इस तरह से की जाएगी कि ज्ञानवापी के मौजूदा ढांचे को किसी भी तरह से नुकसान नहीं पहुंचेगा। हमारा उद्देश्य सिर्फ इतना है कि वैज्ञानिक तरीके से यह साबित हो कि ज्ञानवापी का सच क्या है...? शेष, ज्ञानवापी का सर्वे कर एएसआई ने अपनी रिपोर्ट में वैज्ञानिक तरीके से यह बता ही दिया है कि वहां मस्जिद से पहले भव्य हिंदू मंदिर था। सभी लोगों से हमारी अपील यही है कि धैर्य के साथ वैज्ञानिक तथ्यों को देखें व समझें और कोर्ट के आदेश का इंतजार करें। 

सर्वे में 55 मूर्तियां और 93 सिक्के समेत कई साम्रगियां मिलीं
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) की टीम को ज्ञानवापी के सर्वे में 55 मूर्तियां मिलीं हैं। ज्ञानवापी की दीवार सहित कई स्थानों पर 15 शिवलिंग और अलग-अलग काल के 93 सिक्के भी मिले हैं। पत्थर की मूर्तियों के साथ ही अलग-अलग धातु, टेराकोटा सहित घरेलू इस्तेमाल की 259 सामग्रियां मिली हैं। एक पत्थर ऐसा है, जिस पर राम लिखा है। जीपीआर सर्वे में मुख्य गुंबद के नीचे बेशकीमती पन्नानुमा टूटी कीमती धातु मिली है। इसे मुख्य शिवलिंग बताया जा रहा है। इस स्थान पर खनन और सर्वे की बात कही गई है। 

176 सदस्यीय टीम ने किया सर्वे
एएसआई की 176 सदस्यीय टीम ने ज्ञानवापी परिसर का जो सर्वे किया था, उसकी रिपोर्ट सार्वजनिक हो चुकी है। रिपोर्ट में ज्ञानवापी को बड़ा हिंदू मंदिर बताया गया है। इसमें 32 अहम हिंदू स्थलों का जिक्र है। शिवलिंग के साथ नंदी, गणेश की मूर्तियां भी मिली हैं।

विष्णु, कृष्ण और हनुमान समेत अन्य देवी-देवताओं के मिले विग्रह
वैज्ञानिक पद्धति से हुए सर्वे में मंदिर के प्रमाण के साथ ही विष्णु, मकर, कृष्ण, हनुमान, द्वारपाल, नंदी, पुरुष और मन्नत तीर्थ सहित अन्य विग्रह मिले हैं। मुगल काल, अंग्रेजी हुकूमत सहित अन्य समय काल के चिह्न मिले हैं। शाह आलम और सिंधिया काल के सिक्के (एक और 25 पैसे) संरक्षित किए गए हैं।

18 मानव की मूर्तियां मिलीं
एएसआई ने 93 सिक्के जुटाए हैं। इनमें विक्टोरिया महारानी, विक्टोरिया रानी, धीरम खलीफा, किंग चार्ज सहित अन्य काल के सिक्के शामिल हैं। एएसआई ने टेरोकोटा की 23 मूर्तियों, 2 स्लिंग बॉल, एक टाइल्स, एक डिस्क, देवी-देवताओं की दो मूर्तियां, 18 मानव की मूर्तियां, तीन जानवरों की मूर्ति को साक्ष्य के तौर पर जुटाया है। 113 धातु की सामग्रियां भी मिलीं हैं। इनमें लोहे की 16, तांबा की 84, एल्युमिनियम की 9, निकेल की तीन और एलॉय की एक सामग्री मिली है।

विग्रह और धार्मिक चिह्नों की उम्र दो हजार वर्ष पुरानी
एएसआई की सर्वे रिपोर्ट में ज्ञानवापी की दीवार सहित कई स्थानों पर मिले विग्रह और धार्मिक चिह्नों की विधिवत जांच की गई। जीपीआर सहित अन्य तकनीक से हुई जांच में कुछ चिह्नों की उम्र दो हजार वर्ष पुरानी मिली है। एएसआई ने प्रत्येक चिह्न को पूरे विवरण के साथ ही प्रस्तुत किया है।

चार खंड में है एएसआई की रिपोर्ट
ज्ञानवापी सर्वे की एएसआई रिपोर्ट चार खंड में है। पहले खंड में 137 पेज हैं। इसमें स्ट्रक्चर और ब्रीफ फाइडिंग ऑफ सर्वे रिपोर्ट है। दूसरे खंड में पेज संख्या 1 से 195 तक साइंटिफिक सर्वे की रिपोर्ट है। तीसरे खंड में पेज नंबर 204 पर बरामद वटु का जिक्र है। चौथे खंड में तस्वीरें व डायग्राम हैं, जो 238 पेज में है। एक हजार फोटोग्राफ भी हैं।

श्रीरामजन्म भूमि जैसी खोदाई की मांग करेगा हिंदू पक्ष
ज्ञानवापी परिसर की सर्वे रिपोर्ट सार्वजनिक होने के बाद हिंदू पक्ष सुप्रीम कोर्ट में एक और प्रार्थना पत्र देगा। इसके माध्यम से परिसर स्थित सील वजूखाने का एएसआई से सर्वे कराने का अनुरोध किया जाएगा। साथ ही कुछ अन्य पुख्ता साक्ष्य एकत्र करने के लिए अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि जैसी खोदाई की मांग भी की जाएगी।

किरायेदार बनाते थे मूर्तियां, रिपोर्ट पढ़कर दाखिल करेंगे आपत्ति: मुस्लिम पक्ष
ज्ञानवापी परिसर की एएसआई रिपोर्ट पर अंजुमन इंतेजामिया मसाजिद कमेटी के अधिवक्ता एखलाक अहमद ने कहा कि सर्वे रिपोर्ट में जो फिगर्स हैं, वे मलबे में मिले हैं तो कोई बड़ी बात नहीं है। हमारी एक बिल्डिंग में पांच किरायेदार थे। वे सभी मूर्तियां बनाते थे। जो मलबा होता था, उसे पीछे की तरफ फेंक देते थे। सारी मूर्तियां खंडित मिली हैं, कोई ऐसी मूर्ति नहीं मिली, जिसे कहा जाए कि यह भगवान शिव की मूर्ति है। उन्होंने कहा कि मूर्तियां मस्जिद के अंदर नहीं मिली हैं। पूरी रिपोर्ट पढ़ेंगे। इसमें देखेंगे क्या गलत रिपोर्ट दी गई है। उस पर हम आपत्ति दाखिल करेंगे।

प्रवेश, मंडप और गर्भगृह का जिक्र
एएसआई की रिपोर्ट में मंदिर के चार खंभों से ढांचे तक की परिकल्पना बताई गई है। हालांकि एएसआई ने ज्ञानवापी में स्थापित मंदिर का नक्शा नहीं बनाया है, मगर उनकी रिपोर्ट में जिस भव्य मंदिर स्थापत्य कला की नागर शैली के मंदिर को बताया गया है, उसमें प्रवेश, मंडप और गर्भगृह का जिक्र है। मुख्य मंदिर के आसपास भी कुछ मंदिरों के स्थापित होने की रिपोर्ट है। इसी तरह अयोध्या में मुख्य मंदिर के पास दो मंदिर हैं और यहां अन्य देवी-देवताओं का स्थान नियत किया गया है।

जेम्स प्रिंसेप की थ्योरी से अलग है एएसआई की रिपोर्ट
19वीं सदी में ईस्ट इंडिया कंपनी के टकसाल के अधिकारी जेम्स प्रिंसेप ने अपनी किताब में ज्ञानवापी के मंदिर होने का दावा किया था। बनारस इलस्ट्रेटेड पुस्तक में विश्वेश्वर मंदिर का नक्शा भी प्रकाशित किया है। किताब में जेम्स प्रिंसेप ने जानकारी को सबूतों के साथ पेश करने के लिए लिथोग्राफी तकनीक का इस्तेमाल किया था। मगर, एएसआई की रिपोर्ट में तैयार मंदिर जेम्स प्रिंसेप के नक्शे से अलग है।

जेम्स प्रिंसेप के नक्शे के हिसाब से 124 फिट का चौकोर मंदिर था और इसके चारों कोनों पर मंडप था। बीच में एक विशाल-सा गर्भगृह है, जिसे नक्शे में मंडपम बताया गया। एएसआई ने भी गर्भगृह और मंडपम वाले हिस्से को उकेरा है, मगर यहां विशाल मंदिर का दावा है।

तीन रहस्यों से पर्दा उठाने की भी मांग करेगा हिंदू पक्ष
एएसआई की रिपोर्ट में तीन रहस्य सामने आए हैं। अब हिंदू पक्ष इन रहस्यों से पर्दा उठाने की मांग करेगा। दरअसल, एएसआई ने बताया कि पूर्वी दीवार को बंद कर दिया गया है। यहां कुआं मिला है। सील वजूखाने वादी महिलाओं मंजू व्यास, रेखा पाठक, लक्ष्मी देवी और सीता साहू का कहना है कि पूर्वी दीवार क्यों बंद है, यह जानना बेहद जरूरी है। जो कुआं मिला है, उसकी क्या मान्यता है और वहां क्या है। इनके साथ ही वजूखाने का एएसआई सर्वे की मांग अदालत में की जाएगी।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed