UP: हापुड़ में अनियंत्रित बाइक डिवाइडर से टकराई, युवक की मौके पर मौत, साथी की हालत गंभीर
नेशनल हाईवे-09 पर रविवार को वन-वे पर वाहन बचाने के प्रयास में बाइक डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में राजकुमार (30) की मौत हो गई, जबकि दीपक घायल है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र में नेशनल हाईवे-09 पर टोल प्लाजा के पास रविवार को वन-वे पर सामने से आ रहे वाहन को बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस के अनुसार, जनपद मेरठ के थाना किठौर के गांव कासमपुर निवासी राजकुमार (30) पुत्र रत्नपाल गांव के ही अपने साथी दीपक के साथ बाइक पर सवार होकर अमरोहा की ओर जा रहा था। कांवड़ यात्रा के चलते हाईवे पर वन-वे व्यवस्था लागू थी और दोनों दिशाओं के वाहन एक ही मार्ग से गुजर रहे थे।
जैसे ही बाइक गढ़ कोतवाली क्षेत्र में टोल प्लाजा के पास पहुंची, तभी सामने से आ रहे वाहन को बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि राजकुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी दीपक गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को गढ़ सीएचसी में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए मेरठ के अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। वहीं, पुलिस ने राजकुमार के परिजनों को हादसे की सूचना दी। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सीओ राहुल यादव ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। परिजनों को सूचना दे दी गई है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।