UP: पीएम मोदी ने गंगा एक्सप्रेसवे का किया लोकार्पण, बोले- यह विकास का विजन, सीएम योगी ने साधा विपक्ष पर निशाना
Ganga Expressway Inauguration: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 36,000 करोड़ रुपये की लागत वाले गंगा एक्सप्रेसवे का लोकार्पण कर इसे राष्ट्र को समर्पित किया। इस अवसर पर उन्होंने इसे विकास और संस्कृति का संगम बताया, जबकि सीएम योगी ने कहा कि 2017 के बाद यूपी अराजकता से निकलकर एक्सप्रेसवे प्रदेश बन चुका है।
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को हरदोई की धरती से देश के सबसे लंबे गंगा एक्सप्रेसवे का लोकार्पण कर उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई उड़ान दी। करीब 36,000 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह 594 किमी लंबा एक्सप्रेसवे अब पश्चिमी यूपी को सीधे संगम नगरी प्रयागराज से जोड़ेगा। इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनने के लिए एक लाख से अधिक लोग समारोह स्थल पर मौजूद रहे।
पीएम मोदी बोले- मां गंगा का अद्भुत संयोग
जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यह एक अद्भुत संयोग है कि पिछले चार-पांच दिनों से मैं मां गंगा के सानिध्य में हूं। बंगाल से लेकर काशी विश्वनाथ तक दर्शन करने के बाद आज मां गंगा के नाम पर बने इस एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करना सौभाग्य की बात है। इसमें हमारा विकास का विजन भी है और संस्कृति का दर्शन भी।
लोकार्पण से पहले एक पेड़ मां के नाम
हेलीपैड पर उतरने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने प्रधानमंत्री का स्वागत किया। लोकार्पण से पूर्व पीएम मोदी ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने उन्हें स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
सीएम योगी बोले- 2017 से पहले यूपी में था कर्फ्यू और अराजकता
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में विपक्ष को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले का उत्तर प्रदेश परिवारवाद, कर्फ्यू और हिंसा में जकड़ा हुआ था, जहां विकास की कोई कल्पना नहीं थी। उन्होंने कहा, भक्त प्रह्लाद की इस पावन धरा पर आज डबल इंजन की सरकार ने एक्सप्रेसवे के माध्यम से यूपी के आर्थिक विस्तार को पंख लगा दिए हैं।
गंगा एक्सप्रेसवे: एक नजर में
- लागत: 36,000 करोड़।
- लंबाई: 594 किलोमीटर।
- विस्तार: 12 जिलों के 518 गांवों से होकर गुजरता है।
- निर्माण समय: रिकॉर्ड पांच साल।

कमेंट
कमेंट X