AC: अब पांच साल तक नहीं होगी एसी मरम्मत की चिंता, कंपनियां दे रहीं तब तक के लिए तक फ्री सर्विस व मरम्मत सुविधा
कंपनियां ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए वारंटी और सर्विस पैकेज में विस्तार कर रही हैं। अब एसी खरीदने पर केवल कंप्रेसर ही नहीं, बल्कि कई अन्य पार्ट्स पर भी लंबी अवधि तक मुफ्त मरम्मत की सुविधा दी जा रही है।
विस्तार
भीषण गर्मी के बीच एसी बाजार में ग्राहकों के लिए राहत भरी खबर है। बढ़ती प्रतिस्पर्धा के चलते अब अधिकांश कंपनियां एसी पर पांच साल तक की मुफ्त सर्विस और मरम्मत सुविधा दे रही हैं, जिससे उपभोक्ताओं को लंबे समय तक रखरखाव की चिंता नहीं करनी पड़ेगी।
स्थानीय बाजार में इन दिनों स्प्लिट एसी की मांग तेजी से बढ़ी है। दुकानदारों के अनुसार सामान्य तौर पर एक टन और डेढ़ टन क्षमता वाले एसी की कीमत 28 हजार रुपये से लेकर 38 हजार रुपये तक है, जो ब्रांड और फीचर्स के अनुसार अलग-अलग होती है।
कारोबारियों का कहना है कि कंपनियां ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए वारंटी और सर्विस पैकेज में विस्तार कर रही हैं। अब एसी खरीदने पर केवल कंप्रेसर ही नहीं, बल्कि कई अन्य पार्ट्स पर भी लंबी अवधि तक मुफ्त मरम्मत की सुविधा दी जा रही है। एसी कंपनियों के बीच बढ़ती प्रतिस्पर्धा का सीधा फायदा ग्राहकों को मिल रहा है, जिससे उन्हें बेहतर सुविधाएं और सेवाएं मिल रही हैं।
पहले ग्राहक एसी की मरम्मत और सर्विस को लेकर चिंतित रहते थे, लेकिन अब लंबी गारंटी मिलने से उनकी झिझक कम हुई है और बिक्री पर सकारात्मक असर पड़ा है। इसलिए ही हमने अब अपनी दुकान पर एसी का स्टॉक बढ़ा दिया है, बिक्री के ऑप्शन बढ़ा दिए हैं। - श्रीनाथ आशीष, दुकानदार- मध्यम रेंज के जो एसी हैं, उन पर पांच साल की गारंटी दी जा रही है। पांच साल की गारंटी वाले एसी की खरीद का रुझान इस समय बहुत ही अधिक है। करीब पांच से सात कंपनियां पांच साल की गारंटी दे रही हैं, जिनकी कीमत 36-38 हजार रुपये तक है। - विकास अरोरा, दुकानदार।
बिक्री में तेजी
गर्मी बढ़ने के साथ ही एसी की बिक्री में भी तेजी आई है। लोग घरों और दफ्तरों में कूलिंग के बेहतर विकल्प के रूप में एसी को प्राथमिकता दे रहे हैं। पांच साल तक मुफ्त सर्विस की सुविधा मिलने से ग्राहकों का भरोसा भी बढ़ा है। जिले में करीब 80 से 100 एसी रोज दुकानों से उठाए जा रहे हैं।