जिला अस्पताल की इमरजेंसी में गंभीर मरीजों को बेहतर उपचार की सुविधा नहीं मिलने के कारण हर महीने 700 से अधिक मरीजों को हायर सेंटर रेफर किया जा रहा है। विशेषज्ञ चिकित्सकों, सर्जन, आईसीयू और ऑपरेशन थियेटर की पर्याप्त सुविधा नहीं होने से दुर्घटना में घायल और गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को दूसरे अस्पतालों का रुख करना पड़ता है।
जिला अस्पताल की इमरजेंसी में रोजाना बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। इनमें बुखार, पेट दर्द, सांस लेने में परेशानी और अन्य सामान्य बीमारी वाले मरीजों के साथ हादसों में घायल और गंभीर स्थिति वाले मरीज भी शामिल होते हैं। सामान्य मरीजों का उपचार तो इमरजेंसी में कर दिया जाता है, लेकिन गंभीर मरीजों के लिए विशेषज्ञ चिकित्सक और अत्याधुनिक उपचार सुविधाएं सीमित होने के कारण उन्हें हायर सेंटर भेजना पड़ता है।