Hathras News: ट्रैक पर खड़ी कार से ट्रेन की टक्कर में चार पर रिपोर्ट दर्ज, एक आरोप गिरफ्तार, तीन अन्य की तलाश
हमलावर कार को मुरसान रेलवे स्टेशन और फाटक के बीच ट्रैक पर खड़ा कर भाग गए। कुछ देर बाद मथुरा की ओर से आ रही रामनगर-आगरा फोर्ट एक्सप्रेस ट्रैक पर खड़ी कार से टकरा गई और उसे घसीटते हुए 200 मीटर स्थित स्टेशन तक ले गई, तब जाकर चालक ट्रेन को रोक पाया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हाथरस के कस्बा मुरसान में 24 मई रात आपसी रंजिश में रेल यात्रियों की जान खतरे में डालने वाले चार लोगों में से एक आरोपी को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया है। दंपती को पीटने के बाद आरोपियों ने उनकी कार को ले जाकर ट्रैक पर खड़ा कर दिया और उससे आगरा से मथुरा होते हुए रामनगर जा रही आगरा फोर्ट एक्सप्रेस टकरा गई थी।
हादसा मुरसान फाटक पर 24 मई रात करीब 11.55 पर हुआ। मुरसान के मोहल्ला बौहरान निवासी रतन प्रसाद ने पुलिस को बताया कि वह 24 मई की रात करीब 11:15 बजे अपनी पत्नी सुमन देवी के साथ जट्टारी से अर्टिगा कार में मुरसान लौट रहे थे। आरोप है कि कस्बे में एक स्कूल के पास मोना, भानू और अंकित निवासी वैश्यन गली ने उनकी कार रुकवा ली और गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। शोर सुनकर आसपास लोग जमा होने लगे तो आरोपी उनकी अर्टिगा कार लेकर भाग गए। इसी बीच शांतनु कौशिक उर्फ डेविड भी मौके पर पहुंच गया और उसने भी उनके साथ मारपीट की है।
घटना के बाद हमलावर कार को मुरसान रेलवे स्टेशन और फाटक के बीच ट्रैक पर खड़ा कर भाग गए। कुछ देर बाद मथुरा की ओर से आ रही रामनगर-आगरा फोर्ट एक्सप्रेस ट्रैक पर खड़ी कार से टकरा गई और उसे घसीटते हुए 200 मीटर स्थित स्टेशन तक ले गई, तब जाकर चालक ट्रेन को रोक पाया। सूचना मिलते ही आरपीएफ, जीआरपी, रेलवे कर्मचारी और मुरसान पुलिस मौके पर पहुंची। रेलवे कर्मचारियों ने क्षतिग्रस्त कार को ट्रैक से हटाया, जिसके बाद रेल लाइन पर ट्रेनों का आवागमन चालू कराया। रतन प्रसाद का कहना है कि आरोपियों से उनकी पुरानी रंजिश चल रही थी और पहले भी धमकियां मिल चुकी थीं। 15 दिन पहले भी उनके साथ मारपीट हो चुकी है।
यह भी पढ़ें... Hathras: दंपती से कार छीन रेलवे ट्रैक पर खड़ी की, आगरा फोर्ट एक्सप्रेस उससे टकराई, 200 मीटर तक रौंदती ले गई
सीओ सादाबाद जेएन अस्थाना ने बताया कि मामले में चार लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा मारपीट, रास्ता रोकने, गाली-गलौज करने, जान से मारने की धमकी देने और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की धारा में रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरपीएफ प्रभारी रणजीत यादव ने बताया कि आपसी विवाद का एंगल सामने आने के चलते रेलवे में रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है। इस संबंध में सिविल पुलिस में दर्ज मुकदमे में ही रेलवे एक्ट की धाराएं भी शामिल कराई जा रही है, जिससे मामले की विस्तृत जांच की जा सके।
मथुरा-कासगंज ट्रैक पर 1.20 घंटे तक प्रभावित रहीं कई ट्रेनें
हादसे के चलते मथुरा-कासगंज रेलखंड पर रविवार की रात करीब एक घंटा 20 मिनट तक रेल यातायात प्रभावित रहा। सुरक्षा कारणों से ट्रैक पर रेल संचालन तत्काल रोक दिया गया। ट्रैक को सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही ट्रेनों का संचालन दोबारा शुरू किया गया। रेलवे के वरिष्ठ मंडलीय संचालन प्रबंधक समेत कई अधिकारियों ने सोमवार को मौके पर पहुंचकर की जांच की। इससे पहले फोर्ट एक्सप्रेस एक घंटे तक मौके पर ही खड़ी रही। सोनई-राया पर जयपुर-गोमतीनगर एक्सप्रेस को रोका गया। हाथरस सिटी पर एक मालगाड़ी को रोका गया। इस मार्ग पर चलने वाली अन्य ट्रेनों को भी रास्ते में रोकना पड़ा और इससे रेल यात्री परेशान रहे।
ट्रैक पर कार खड़ी होने की गैटमेंन को नहीं भनक
मुरसान रेलवे क्रासिंग नंबर-304सी पर गेटमैन सूरज की ड्यूटी थी। जांच में सामने आया कि आगरा रामनगर एक्सप्रेस के गुजरने से पहले गेटमैन ने टावर वैगन को पास करने के लिए फाटक बंद किया था, वैगन निकलने के बाद फाटक खोल दिया गया। इस दौरान गेट मैन दूसरी ट्रेन के लिए टोकन लेने केबिन में चला गया। इस दौरान कार चालक ने कार को रेलवे क्रासिंग से रेलवे ट्रैक पर होकर करीब सौ मीटर अंदर खड़ा कर दिया, जहां काफी अंधेरा था। यही कारण है कि गेटमैन सूरज को कार दिखाई नहीं दी और उसने रामनगर एक्सप्रेस पास कराने के लिए फाटक दोबारा बंद कर दिया। जैसे ही कार को ट्रेन की टक्कर लगी तो गेटमैन सूरज के होश उड़ गए। उसने तत्काल घटना की सूचना कंट्रोल रूम को दी और पूरा अमला मौके पर पहुंच गया।