Jaunpur News: रात में लापता मानस गायक का घर से 200 मीटर दूर मिला अधजला शव, पेट्रोल डालकर जलाने की आशंका
Jaunpur News: काधापुर (तरहरिय) गांव में एक मानस गायक अचानक गायब हो गए। पूरी रात घरवालों ने तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। इधर, शुक्रवार की सुबह घर से कुछ दूरी पर उसका शव अधजला मिला।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जौनपुर जिले के तेजी बाजार थाना क्षेत्र के काधापुर (तरहरिय) गांव में बृहस्पतिवार रात लापता हुए रामचरितमानस गायक एवं कथावाचक अशोक मिश्रा (70) का शव शुक्रवार सुबह घर से लगभग 200 मीटर दूर नाले के किनारे अधजला अवस्था में मिला। जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला
अशोक मिश्रा बृहस्पतिवार रात भोजन करने के बाद करीब नौ बजे अपने बिस्तर पर सोने चले गए थे। उनकी पत्नी इसरावती देवी गांव में आयोजित एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने गई थीं। देर रात घर लौटने पर उन्होंने देखा कि अशोक मिश्रा घर पर नहीं हैं। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने पूरी रात उनकी तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका।
शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे ग्रामीणों ने घर से लगभग 200 मीटर दूर नाले के किनारे उनका शव अधजली अवस्था में पड़ा देखा। शव के पास पेट्रोल की एक शीशी भी मिलने की चर्चा है, जिससे पेट्रोल डालकर शव जलाने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही तेजी बाजार पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी।
मृतक की पत्नी इसरावती देवी ने जमीनी विवाद का हवाला देते हुए पड़ोसियों पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि विवाद के चलते उनके पति की सुनियोजित तरीके से हत्या की गई। पुलिस ने पूछताछ के लिए दो लोगों को हिरासत में लिया है।
ग्रामीणों के अनुसार अशोक मिश्रा वर्षों से रामचरितमानस का पाठ कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। वे विभिन्न धार्मिक आयोजनों में मानस गान और कथा वाचन करते थे। उनके दो पुत्र नागपुर में नौकरी करते हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। जिन लोगों पर आरोप लगाए जा रहे हैं, वे रिश्तेदारी में उनके चाचा लगते हैं और दोनों परिवार धार्मिक आयोजनों में साथ-साथ भाग लेते रहे हैं। ऐसे में घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
तेजी बाजार थानाध्यक्ष सत्येंद्र भाई पटेल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।