यूपी में ‘शोले’ जैसा ड्रामा: जेल गए प्रेमी के लिए टावर पर चढ़ी प्रेमिका, दो घंटे तक खलबली; पॉक्सो एक्ट में जेल
Jaunpur News: उत्तर प्रदेश के जौनपुर में किशोरी के टावर पर चढ़ने की जानकारी मिलते ही माैके पर नेवढ़िया थाने की पुलिस भी पहुंच गई। इससे पहले परिजनों ने आरोपी युवक के खिलाफ तहरीर भी दी थी। काफी मशक्कत के बाद किशोरी को नीचे उतारा गया।
विस्तार
UP News: जौनपुर में नेवढ़िया थानाक्षेत्र के एक गांव में बृहस्पतिवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक किशोरी अपने प्रेमी से शादी करने की जिद लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई। लगभग दो घंटे तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस और ग्रामीणों ने किशोरी को समझा-बुझाकर सुरक्षित नीचे उतारा।
पुलिस के अनुसार, किशोरी का पड़ोस के गांव के एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बीते 2 अप्रैल को किशोरी की मां ने युवक पर शादी का झांसा देकर भगाने और शारीरिक शोषण का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर छह अप्रैल को उसे जेल भेज दिया था।
पुलिस ने की कार्रवाई
प्रेमी के जेल जाने के चौथे दिन, बृहस्पतिवार सुबह करीब 10:30 बजे किशोरी गांव में लगे दूरसंचार टावर के ऊपरी हिस्से पर जा चढ़ी। यह देख बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। टावर पर चढ़ी किशोरी की बस एक ही रट थी- ‘प्रेमी को जेल से बाहर लाओ और मेरी शादी कराओ।’
सूचना मिलते ही नेवढि़या थानाध्यक्ष राजाराम द्विवेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत और मान-मनौव्वल के बाद किशोरी को नीचे उतारा जा सका। थानाध्यक्ष ने बताया कि किशोरी को आवश्यक कार्यवाही के बाद सुरक्षित उसके परिजनों को सौंप दिया गया है। क्षेत्र में यह घटना पूरे दिन चर्चा का विषय बनी रही।
शाहगंज में 48 घंटे में दो बार टॉवर पर चढ़ी थी युवती
शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी 19 वर्षीय युवती का आजमगढ़ जिले के दीदारगंज थानाक्षेत्र के नंदाव गांव निवासी युवक से काफी समय से प्रेम संबंध था। परिजनों के विरोध के चलते कुछ महीने पहले युवती प्रेमी के साथ भाग गई थी। पुलिस ने दोनों को बरामद किया। युवक को जेल भेजा गया। युवक के जमानत पर छूटने की जानकारी मिलने पर युवती फिर उससे शादी की जिद पर अड़ गई। वह पिछले महीने 48 घंटे में दो बार हाईटेंशन टावर पर चढ़ गई थी। पुलिस ने समझा-बुझाकर शांत कराया।