UP: युवती का गला दबाया...शव को घसीटते हुए पांच मीटर दूर ले जाकर फेंका; प्रेमी ने 'प्यार' का किया दर्दनाक अंत
Jaunpur News: उत्तर प्रेदश के जौनपुर जिले में युवती की लाश मिलने की सूचना पाकर माैके पर महराजगंज थाने की पुलिस भी पहुंच गई। उसके प्रेमी ने हत्या का अंजाम दिया था। परिजनों से तहरीर लेकर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
विस्तार
UP Crime: जौनपुर में हुई वारदात के बाद महराजगंज पुलिस माैके पर पहुंच गई। आरोपी पड़ोसी को गिरफ्तार कर लिया गया। उसने बताया कि रस्सी से गला कसकर युवती को मारा था। पुलिस ने कहा कि आरोपी युवती से प्रेम करता था। इसके बाद शादी का दबाव भी बना रहा था।
जौनपुर के महराजगंज थाना क्षेत्र के कोइरीपुर गांव में रविवार की देर रात ब्यूटी (19) की गला दबाकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि हत्या पड़ोसी हर्ष गौतम ने की है। हर्ष ने पहले युवती को अपने घर के पास बुलाया और रस्सी से गला कसकर हत्या कर दी।
इसके बाद शव को घसीटते हुए पांच मीटर दूर ले गया और उसके घर के पास ही फेंक दिया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली और आरोपी हर्ष गौतम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी युवती से प्रेम करता था। शादी का दबाव बना रह था, लेकिन परिजन तैयार नहीं थे।
पुलिस ने की कार्रवाई
युवती के चाचा अवधेश ने सोमवार को महराजगंज थाने की पुलिस को तहरीर दी। अवधेश ने पुलिस को बताया कि बड़े भाई कमलेश गौतम की बेटी ब्यूटी का पड़ोस के हर्ष गौतम (24) साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। वह ब्यूटी पर शादी करने का दबाव बना रहा था। परिजनों को जानकारी हुई तो, विरोध किया गया। परिजनों ने पड़ोस में ही शादी करने से साफ इन्कार कर दिया। इसी बीच ब्यूटी की शादी तय हो गई।
इससे नाराज होकर हर्ष गौतम ने रविवार की देर रात ब्यूटी को अपने घर के पास बुलाया और उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को घर के पास ही फेंक दिया। ब्यूटी रविवार की रात अपनी मां के साथ रात 12 बजे सोने गई थी। सुबह चाची ने देखा कि घर के पास ही उसका शव पड़ा है। इसकी सूचना घर के लोगों को दी गई। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ भी जुट गई। सूचना पाकर पुलिस भी पहुंची और छानबीन की। फॉरेंसिक टीम और डाग स्क्वॉड ने भी साक्ष्य जुटाए हैं।
परिजनों में कोहराम
मामला प्रेम प्रसंग का है। आरोपी ब्यूटी से शादी करना चाहता था, लेकिन उसके परिवार के लोग तैयार नहीं थे। इस बीच ब्यूटी की शादी तय हो गई। इसकी जानकारी आरोपी को हुई तो, उसने युवती की हत्या कर दी।
युवती का शव घर के पास ही घसीटकर लाने के निशान मिले हैं। तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करके आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी हर्ष गौतम से पूछताछ की जा रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। - तरुन श्रीवास्तव, थानाध्यक्ष, महाराजगंज
बीएससी की छात्रा थी ब्यूटी, पिता मुंबई से रवाना
ब्यूटी के पिता कमलेश गौतम मुंबई में रहकर मजदूरी करते हैं। वह क्षेत्र के एक काॅलेज से बीएससी प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रही थी। आरोपी का घर पास में ही। बेटी की हत्या की सूचना पाकर कमलेश गौतम घर के लिए रवाना हो गए हैं।