तिर्वा (कन्नौज)। राजकीय मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड में मरीजों को स्ट्रेचर तक उपलब्ध नहीं हो रहे हैं। स्ट्रेचर न मिलने पर मां को गोद में लेकर बेटा इमरजेंसी वार्ड में लेकर पहुंचा। मरीज को गोद में लाते हुए तीमारदार का किसी ने वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। अमर उजाला की संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती।
क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला को रविवार को सांस लेने में दिक्कत हुई, जिसके बाद बेटा राजकीय मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड लेकर पहुंचा। वार्ड के बाहर स्ट्रेचर नहीं था। मां की बिगड़ती हालत को देखते हुए बेटे ने मां को गोद में उठाया और वार्ड में लेकर पहुंचा, जहां पर डॉक्टर ने प्राथमिक इलाज किया और बेटा उन्हें घर लेकर चला गया। तीमारदारों का आरोप है कि इमरजेंसी में स्ट्रेचर को लेकर आए दिन मारामारी की स्थिति बनी रहती है। वहीं, वार्ड बॉय ने भी संतोषजनक सहयोग नहीं मिला। वार्ड बॉय तीमारदारों से स्वयं स्ट्रेचर लाने और वापस छोड़ने की बात कहकर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लेते हैं। वहीं, संविदा कर्मियों के सुपरवाइजर शैलेंद्र कुमार ने बताया कि लापरवाही बरतने वाले कर्मियों को चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी। सीएमएस डॉ. दिलीप सिंह ने बताया कि वीडियो के आधार पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।