औरैया: शिक्षक-स्नातक MLC चुनाव मतदान जारी, सुबह 10 बजे तक 8.4 फीसदी वोटिंग, डीएम-एसपी ने परखी व्यवस्था
Auraiya News: जिले में आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक विधान परिषद निर्वाचन क्षेत्र-2026 के लिए शुक्रवार सुबह आठ बजे से कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच मतदान शुरू हो गया है। जनपद में कुल 20 मतदान स्थल बनाए गए हैं, जहां 12,838 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। सुबह 10 बजे तक 8.4 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है।
विस्तार
औरैया जनपद में आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक विधान परिषद निर्वाचन क्षेत्र-2026 के लिए शुक्रवार सुबह 8 बजे से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान शुरू हो गया। मतदान को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए हैं। जिलाधिकारी ब्रजेश कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने मतदान स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जनपद में दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के लिए कुल 20 मतदान स्थल बनाए गए हैं। इनमें आगरा खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 12 तथा आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 8 मतदान स्थल निर्धारित किए गए हैं। दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 12,838 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के 10,415 मतदाता और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 2,423 मतदाता शामिल हैं। सुबह 10 बजे तक 8.4 फ़ीसदी मतदान हो चुका है।
100 मीटर के दायरे में पुलिस रहेगी मुस्तैद
मतदान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी मतदान केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहे। मतदान केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में किसी भी अनधिकृत व्यक्ति अथवा वाहन का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। उन्होंने कहा कि मतदान प्रक्रिया को प्रभावित करने, मतदाताओं को डराने-धमकाने या शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वाले अराजक तत्वों के विरुद्ध तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाए। सेक्टर एवं जोनल पुलिस अधिकारियों को अपने संबंधित मजिस्ट्रेटों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
प्रत्येक मतदान केंद्र पर हो रही वीडियोग्राफी
उप जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश चंद्र मौर्य ने बताया कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर एक-एक मतदान पार्टी को मतदान संपन्न कराने के लिए नामित किया गया है। इसके अलावा प्रत्येक तहसील के लिए सुपर जोनल मजिस्ट्रेट और जोनल मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की गई है। उन्होंने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर वीडियोग्राफी कराई जा रही है, जिससे मतदान प्रक्रिया पर निगरानी रखी जा सके। मतदान कराने के लिए सभी पोलिंग पार्टियों को आवश्यक चुनाव सामग्री के साथ कलेक्ट्रेट परिसर से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उनके निर्धारित मतदान स्थलों पर रवाना किया गया।
अपने मताधिकार का प्रयोग करें
जिलाधिकारी ब्रजेश कुमार ने मीडिया से बात करते हुए बताया है कि मतदाताओं से अपील की है कि वे बिना किसी भय, दबाव या प्रलोभन के लोकतंत्र के इस पर्व में भाग लें और शांतिपूर्ण ढंग से अपने मताधिकार का प्रयोग करें। प्रशासन की ओर से मतदान प्रक्रिया को पारदर्शी एवं निष्पक्ष बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।