बांदा हादसा: हाईवे पर खड़े डंपर से टकराई बाइक, युवक की मौत और दूसरा घायल, जिला अस्पताल में भर्ती, परिजन बेहाल
Banda News: बांदा-टांडा राष्ट्रीय राजमार्ग पर सेमरी नाला के पास खड़े डंपर से बाइक टकराने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक सूरत में रहकर मजदूरी करता था और मंगलवार को उसे वापस लौटना था, लेकिन इस हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं।
विस्तार
बांदा जिले के तिंदवारी थाना क्षेत्र में बांदा-टांडा राष्ट्रीय राजमार्ग पर सैमरी नाला के पास खड़े डंपर से टकराकर बाइक सवार युवक की मौत हो गई। वहीं, एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए पुलिस ने जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया है। तिंदवारी थाना क्षेत्र के जसईपुर गांव निवासी लवलेश उर्फ बुलबुल यादव शुक्रवार को दोस्त संजय उर्फ बबुआ पुत्र गोरेलाल यादव निवासी तिंदवारी कस्बा गांधीनगर के साथ बांदा से बाइक द्वारा लौट रहा था।
इस दौरान सेमरी के नाला पास डंपर से बाइक टकरा गई, जिससे दोनों घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए पुलिस ने जिला अस्पताल भेजा। यहां पर डॉक्टरों ने लवलेश उर्फ बुदुल को मृत घोषित कर दिया। मृतक की मां रामदुलारी यादव ने बताया कि पुत्र बांदा उपचार के लिए आए परिजनों को खेत जुताई करने के बाद मोटरसाइकिल से बांदा खाने खाना देने दोस्त के साथ गया था।
परिजनों में मचा कोहराम
लौटते समय सेमरी नाला के पास डंपर ने टक्कर मारकर घायल कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक लवलेश उर्फबुदुल की मां रामदुलारी ने बताया कि वह सूरत गुजरात में रहकर मेहनत मजदूरी करता रहा है। मंगलवार को उसे सूरत मेहनत मजदूरी करने जाना था, लेकिन यह घटना हो गई। मृतक चार भाइयों में से तीसरे नंबर का था और अविवाहित था। घटना की सूचना से परिवार मे कोहराम मचा है।