बांदा हादसा: ई-रिक्शा में पीछे से घुसी बाइक, एक की मौत और मामा-भांजा समेत तीन लोग, जिला अस्पताल में भर्ती
Banda News: बिसंडा-बांदा रोड पर देर शाम ई-रिक्शा में पीछे से आई बाइक घुस गई। हादसे में एक की मौत हो गई, जबकि मामा-भांजा समेत तीन लोग गंभीर घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
विस्तार
बांदा जिले में देहात कोतवाली क्षेत्र के बिसंडा-बांदा रोड स्थित गांव कुलकुम्हारी के पास बृहस्पतिवार की देर शाम ई-रिक्शा में पीछे से आई बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार तीन लोग सड़क पर गिरकर गंभीर घायल हो गए। पुलिस ने तीनों घायलों को जिला अस्पताल भेजा। वहां डॉक्टर ने एक को मृत घोषित कर दिया। बिसंडा थाना क्षेत्र के गांव अकोना निवासी सुजीत कुमार (26) अपने रिश्ते के मामा बिसंडा निवासी संतु (23) व संजय (19) के साथ बाइक से बांदा जा रहे थे।
बृहस्पतिवार की शाम करीब पांच बजे देहात कोतवाली क्षेत्र के कुलकुम्हारी गांव के पास आगे जा रहे ई रिक्शा से पीछे से टकरा गए। हादसे में तीनों गंभीर घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। राहगीरों की सूचना पर देहात कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने सुजीत को मृत घोषित कर दिया।
घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया
घायल संतु ने बताया कि वह काम से बांदा जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। संतु ने परिजन को सूचना दी है। परिजन जिला अस्पताल पहुंच रहे हैं। दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। देहात कोतवाली प्रभारी संजीव चौबे ने बताया कि ई-रिक्शा से टकराकर बाइक सवार की मौत हुई है। बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए था। दो घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।